चंडीगढ़, (प्रोसन बर्मन) वन एवं वन्यजीव विभाग, यूटी चंडीगढ़ ने शुक्रवार को वॉकाथॉन के साथ वन्यजीव सप्ताह 2026 का शुभारंभ किया। इस वर्ष का विषय ‘कनेक्टिंग हैबिटैट्स, थ्राइविंग वाइल्डलाइफ’ रखा गया है। कार्यक्रम में प्राकृतिक आवासों के संरक्षण, उनके बीच संपर्क बनाए रखने और वन्यजीव संरक्षण में जनभागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया गया।
वॉकाथॉन सुखना झील के रेगुलेटरी एंड से शुरू होकर लेक रिजर्व फॉरेस्ट से होते हुए चंडीगढ़ बर्ड पार्क के पास संपन्न हुई। इसमें एनएसएस स्वयंसेवकों, विद्यार्थियों, प्रकृति प्रेमियों, गैर-सरकारी संगठनों के प्रतिनिधियों, नागरिक समाज और प्रशासन के अधिकारियों ने भाग लिया।
मुख्य सचिव, यूटी चंडीगढ़ हिरियाडका राजेश प्रसाद ने कहा कि प्राकृतिक गलियारों को जोड़ना और समुदाय की सक्रिय भागीदारी बढ़ाना जरूरी है, ताकि शहर में वन्यजीवों और लोगों के बीच सामंजस्य बना रहे।
वन्यजीव सर्वे रिपोर्ट जारी
कार्यक्रम में ‘सर्वे रिपोर्ट ऑफ वाइल्डलाइफ ऑफ यूटी चंडीगढ़’ जारी की गई। इसमें चंडीगढ़ में किए गए वन्यजीव सर्वेक्षण के निष्कर्ष और वन्यजीवों की विविधता व वितरण से जुड़ी जानकारी शामिल है। विभाग ने ‘पहल’ पत्रिका और चंडीगढ़ प्रदूषण नियंत्रण समिति का बुलेटिन भी जारी किया।
वन्यजीव संरक्षण में योगदान के लिए गीतांजलि कंवर, कुलभूषण कंवर और विक्रमजीत सिंह को सम्मानित किया गया। सप्ताहभर बटरफ्लाई वॉक, बर्ड वॉचिंग, पेंटिंग, ड्राइंग व क्विज प्रतियोगिताएं, नुक्कड़ नाटक और जागरूकता शिविर आयोजित होंगे।
कार्यक्रम में पंजाब के मुख्य सचिव के.ए.पी. सिन्हा, वन सचिव मंदीप सिंह बराड़ समेत प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।