चंडीगढ़, (प्रोसन बर्मन) चंडीगढ़ पुलिस की ओर से बच्चों और युवाओं को नशे से दूर रखने तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए वॉलीबॉल प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है। सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर आयोजित प्रतियोगिता की थीम ‘100 प्रतिशत टीमें, 0 प्रतिशत ड्रग्स’ रखी गई है।
प्रतियोगिता में लड़कियों की कुल 16 टीमों ने हिस्सा लिया। इनमें से आठ टीमों ने क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई है। क्वार्टर फाइनल में पुलिस स्टेशन इंडस्ट्रियल एरिया की टीम-ए, पुलिस स्टेशन मलोया की टीम-ए, पुलिस स्टेशन-26 की टीम-बी, पुलिस स्टेशन सारंगपुर की टीम-सी, पुलिस स्टेशन मौलीजागरां की टीम-ए, ट्रैफिक टीम-बी, पुलिस स्टेशन आईटी पार्क की टीम-ए और ट्रैफिक टीम-सी शामिल हैं।
खेल से जुड़ने का संदेश
चंडीगढ़ पुलिस के अनुसार प्रतियोगिता का उद्देश्य बच्चों में खेल भावना, अनुशासन और टीम भावना विकसित करने के साथ नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना है। पुलिस ने कहा कि ऐसी खेल गतिविधियों के माध्यम से युवाओं को नशे के बजाय खेलों को अपनाने और स्वस्थ व नशामुक्त समाज के निर्माण में योगदान देने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।