चंडीगढ़,( प्रोसन बर्मन) महात्मा गांधी जयंती पर सेवा संकल्प अभियान के तहत भाजपा चंडीगढ़ ने शहर के सभी 35 मंडलों में स्वच्छता अभियान चलाया। सेक्टर-26 स्थित ग्रेन मार्केट में भाजपा प्रदेश प्रभारी महेंद्र पांडे सहित नेताओं और कार्यकर्ताओं ने श्रमदान किया और लोगों से सार्वजनिक स्थानों की स्वच्छता बनाए रखने की अपील की।
महेंद्र पांडे ने कहा कि गांधी जी ने स्वच्छता को स्वस्थ समाज और सशक्त राष्ट्र का आधार माना था। उनके स्वच्छता और सेवा के संदेश को आगे बढ़ाना सभी की जिम्मेदारी है।
सार्वजनिक स्थानों पर किया श्रमदान
अभियान में राज्यसभा सांसद सतनाम सिंह संधू, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अरुण सूद, कार्यक्रम संयोजक एवं प्रदेश उपाध्यक्ष भारत कुमार, मेयर सौरभ जोशी सहित पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। कार्यकर्ताओं ने ग्रेन मार्केट में सफाई की और स्थानीय लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया।
पार्टी नेताओं ने कहा कि स्वच्छता केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का सामूहिक दायित्व है। प्रदेश के सभी 35 मंडलों में एक साथ अभियान चलाकर सार्वजनिक स्थानों पर श्रमदान किया गया।