चंडीगढ़, (प्रोसन बर्मन) भारतीय वायु सेना ने रविवार को सेक्टर-1 स्थित चंडीगढ़ क्लब के सामने मैदान में ‘सेखों आईएएफ मैराथन-2026’ का आयोजन किया। इसमें चंडीगढ़, मोहाली और आसपास के क्षेत्रों से 5,000 से अधिक फिटनेस प्रेमियों, पेशेवर एथलीटों, सेवारत कर्मियों, पूर्व सैनिकों, विद्यार्थियों और युवाओं ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। फ्लाइंग ऑफिसर निर्मल जीत सिंह सेखों (परमवीर चक्र) की स्मृति में आयोजित इस मैराथन के माध्यम से उनके सर्वोच्च बलिदान, साहस और देश के प्रति समर्पण को नमन किया गया। आयोजन में फिटनेस, अनुशासन और राष्ट्रीय भावना को बढ़ावा देने का संदेश भी दिया गया।
वायु सेना और नागरिकों के बीच मजबूत हुआ जुड़ाव
वेस्टर्न एयर कमांड के एयर ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ एयर मार्शल जॉर्ज थॉमस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। भारतीय वायु सेना और चंडीगढ़ प्रशासन की ओर से संयुक्त रूप से आयोजित मैराथन में विभिन्न श्रेणियों में दौड़ कराई गई। कार्यक्रम का समापन पुरस्कार वितरण समारोह के साथ हुआ।
आयोजकों के अनुसार, मैराथन ने वायु सेना और नागरिकों के बीच जुड़ाव को मजबूत करने के साथ ‘फिट इंडिया’ अभियान को भी बढ़ावा दिया।