चंडीगढ़, (प्रोसन बर्मन) पीजीआईएमईआर में 22वें वार्षिक जोनल सम्मेलन एनजेडआईएसएसीओएन के तहत रविवार को ‘इमीडिएट ट्रॉमा लाइफ सपोर्ट’ विषय पर व्यावहारिक कार्यशाला आयोजित की गई। राष्ट्रीय ट्रॉमा एवं बर्न इंजरी रोकथाम एवं प्रबंधन कार्यक्रम के तहत आयोजित इस कार्यशाला में युवा चिकित्सकों को दुर्घटना के बाद शुरुआती समय में किए जाने वाले जीवनरक्षक उपचार का प्रशिक्षण दिया गया।
एनेस्थीसिया एवं इंटेंसिव केयर विभाग की ट्रॉमा एनेस्थीसिया सब-स्पेशियलिटी की फैकल्टी ने कार्यशाला का आयोजन किया। विशेषज्ञों ने ट्रॉमा के ‘गोल्डन ऑवर’ में समय पर उपचार शुरू करने और गंभीर मरीजों की जान बचाने के लिए तेजी से निर्णय लेने की जरूरत पर जोर दिया।
विशेषज्ञों ने कराया जीवनरक्षक प्रक्रियाओं का अभ्यास
एनेस्थीसिया एवं इंटेंसिव केयर विभाग की प्रमुख तथा ट्रॉमा एनेस्थीसिया एंड एक्यूट केयर में डीएम की कोर्स कोऑर्डिनेटर प्रो. (डॉ.) काजल जैन ने जीवनरक्षक उपचार के लिए अपनाए जाने वाले तरीकों में हाल में हुए बदलावों की जानकारी दी। उन्होंने ट्रॉमा मरीजों के बेहतर उपचार के लिए मजबूत बहु-विषयक टीम तैयार करने और त्वरित प्रतिक्रिया की आवश्यकता पर जोर दिया।
कार्यशाला में डॉ. सुमन अरोड़ा, डॉ. शुभजीत तालुकदार, डॉ. अमरज्योति हजारिका और डॉ. निधि भाटिया ने मॉडल पर नस में तुरंत दवा व तरल पहुंचाने के लिए आईवी एक्सेस और छाती में ट्यूब डालने की प्रक्रिया का लाइव प्रदर्शन किया। प्रतिभागियों को इन महत्वपूर्ण प्रक्रियाओं का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया गया।
वैज्ञानिक सत्रों में अत्यधिक रक्तस्राव को नियंत्रित करने और सांस की नली में रुकावट को तत्काल दूर कर पर्याप्त ऑक्सीजन पहुंचाने को ट्रॉमा उपचार के दो अहम पहलुओं के रूप में समझाया गया। कार्यशाला में जनरल सर्जरी, ओरल हेल्थ साइंसेज और एनेस्थीसिया विभाग के नए रेजिडेंट डॉक्टरों सहित विभिन्न विशेषज्ञताओं के चिकित्सकों ने हिस्सा लिया।