चंडीगढ़, (प्रोसन बर्मन) हिमाचल प्रदेश पुलिस में कार्यरत राकेश को करीब दो साल के लंबे इंतजार के बाद पोस्टग्रेजुएट इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल एजुकेशन एंड रिसर्च (पीजीआईएमईआर) में सफल लिवर प्रत्यारोपण से नया जीवन मिला है। इलाज के बाद पूरी तरह स्वस्थ होने पर उन्हें स्थिर हालत में अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। यह प्रत्यारोपण एक ब्रेन-डेड (मृत) दाता के परिवार की ओर से अत्यंत दुख की घड़ी में लिए गए साहसिक और उदार फैसले से संभव हो सका।
यह जटिल सर्जरी पीजीआईएमईआर के जनरल सर्जरी विभाग और हेपेटोलॉजी (यकृत रोग) विभाग के संयुक्त प्रयासों से संपन्न हुई। पूरी प्रक्रिया प्रोफेसर एल. कमान, डॉ. सुनील तनेजा और डॉ. स्वप्नेश साहू के मार्गदर्शन में विशेषज्ञों की संयुक्त टीम ने पूरी की। अस्पताल से छुट्टी मिलने पर राकेश ने भावुक होकर कहा कि दो साल तक मौत और जिंदगी के बीच झूलने के बाद मिला यह नया जीवन शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि जिस वक्त दाता परिवार अपूरणीय क्षति से जूझ रहा था, उस वक्त उनके द्वारा किसी अनजान को जीवन देने का फैसला देवतुल्य है, जिसके प्रति वे जीवन भर कृतज्ञ रहेंगे।
दुख की घड़ी में अंगदान का फैसला मिसाल
जनरल सर्जरी विभाग के प्रमुख प्रो. एल. कमान ने बताया कि मरीज का स्वस्थ होना पूरी ट्रांसप्लांट टीम के लिए बड़ी संतुष्टि की बात है। उन्होंने कहा कि हर सफल अंग प्रत्यारोपण के पीछे उस परिवार का त्याग होता है, जो भारी शोक के बीच दूसरों के जीवन की रक्षा का असाधारण निर्णय लेता है। यह प्रेरक प्रसंग समाज में मृत्योपरांत अंगदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने में मील का पत्थर साबित होगा।
वहीं, सहायक प्रोफेसर डॉ. स्वप्नेश साहू ने कहा कि राकेश की यह यात्रा समय पर अंगदान और उन्नत चिकित्सकीय देखभाल के महत्व को रेखांकित करती है। पुलिस सेवा के जरिए समाज की रक्षा में जुटे राकेश अब स्वस्थ होकर अपने परिवार के बीच लौट रहे हैं।
अंगदान: शोक के बीच नई जिंदगी की उम्मीद
पीजीआई के डॉक्टरों के मुताबिक, समय पर अंगदान से कई मरीजों को जीवनदान मिल सकता है। राकेश का मामला दर्शाता है कि अंगदान को लेकर समाज में बढ़ती स्वीकार्यता किस तरह जीवन रक्षक साबित हो रही है। राकेश और उनके परिजनों ने पीजीआई की मेडिकल टीम और विशेष रूप से अज्ञात दाता परिवार के प्रति आभार जताया।