चंडीगढ़, (प्रोसन बर्मन) राष्ट्रीय पोषण माह 2026 के तहत चंडीगढ़ के विभिन्न क्षेत्रों में पोषण, मातृ स्वास्थ्य, मानसिक स्वास्थ्य और एनीमिया को लेकर जागरूकता गतिविधियां आयोजित की गईं। रामदरबार में लगाए गए स्वास्थ्य जांच शिविर में 78 गर्भवती महिलाओं की हीमोग्लोबिन (एचबी) जांच की गई।
गर्भावस्था में नियमित जांच पर जोर
पलसोरा बिल्डिंग नंबर-1 में आयोजित जागरूकता सत्र में प्रसवपूर्व देखभाल (एएनसी), मानसिक स्वास्थ्य, पोषण और स्वच्छता पर जानकारी दी गई। डॉ. पूजा ने गर्भावस्था के दौरान नियमित स्वास्थ्य जांच और उचित देखभाल के महत्व पर प्रकाश डाला। सेक्टर-56, पलसोरा डिस्पेंसरी की मनोवैज्ञानिक बबल ने मानसिक स्वास्थ्य एवं कल्याण पर जानकारी दी। एफएसएसएआई, सेक्टर-16 के चिकित्सक ने मोटे अनाज (मिलेट्स) के पोषण संबंधी महत्व के बारे में बताया।
बापूधाम कॉलोनी सर्कल स्थित आंगनवाड़ी केंद्र में पोषण संबंधी सर्वोत्तम प्रथाओं की प्रदर्शनी लगाई गई। एरिया सुपरवाइजर और आंगनवाड़ी कार्यकर्ता ने अभिभावकों को बच्चों के लिए संतुलित एवं पौष्टिक आहार के महत्व की जानकारी दी। कार्यक्रमों के माध्यम से समुदाय के लोगों, अभिभावकों और गर्भवती महिलाओं को पोषण, मातृ देखभाल, मानसिक स्वास्थ्य, स्वच्छता और एनीमिया की रोकथाम के बारे में जागरूक किया गया।