चंडीगढ़, (प्रोसन बर्मन) चंडीगढ़ प्रशासन के पशुपालन एवं मत्स्य विभाग की ओर से बुधवार को राजकीय पशु चिकित्सालय, सेक्टर-22 में रक्तदान शिविर लगाया गया। जीएमसीएच-32 के रक्ताधान चिकित्सा विभाग, चंडीगढ़ रेड क्रॉस सोसायटी और विश्वास फाउंडेशन, पंचकूला के सहयोग से आयोजित शिविर में 88 लोगों ने हिस्सा लिया और 69 यूनिट रक्त एकत्र किया गया।
शिविर का उद्घाटन पशुपालन एवं मत्स्य विभाग के सचिव प्रदीप कुमार, आईएएस ने किया। विभाग के निदेशक नवीन, दानिक्स, संयुक्त निदेशक डॉ. अश्वनी कुमार सहित वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी भी मौजूद रहे।
पुलिसकर्मियों और आम लोगों ने भी किया रक्तदान
शिविर में पशुपालन विभाग के कर्मचारियों के अलावा चंडीगढ़ पुलिस की घुड़सवार पुलिस और डॉग स्क्वॉड के कर्मियों तथा आम नागरिकों ने रक्तदान किया। मार्केट कमेटी, सेक्टर-22 के स्वयंसेवकों ने भी बड़ी संख्या में पहुंचकर इसमें भाग लिया।
प्रदीप कुमार ने कहा कि रक्तदान जीवन बचाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। स्वैच्छिक रक्तदान शिविर गंभीर चिकित्सा परिस्थितियों में रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने में मदद करते हैं। निदेशक नवीन ने रक्तदाताओं के उत्साह की सराहना करते हुए कहा कि विभाग प्रशासनिक जिम्मेदारियों के साथ समाज कल्याण के लिए भी प्रतिबद्ध है।
रक्तदाताओं को उनके योगदान के लिए प्रशंसा प्रमाणपत्र और उपहार देकर सम्मानित किया गया।