चंडीगढ़, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन एवं सरकार के प्रमुख के रूप में 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर भाजपा प्रकोष्ठ व विभाग समन्वयक एवं पूर्व पार्षद शक्ति प्रकाश देवशाली ने उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं तथा उनके समर्पण को आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बताया। उन्होंने कहा कि 7 अक्तूबर, 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शुरू हुई नरेंद्र मोदी की संवैधानिक जिम्मेदारी की यह अनथक यात्रा आज 25 वर्षों के निरंतर नेतृत्व के महत्वपूर्ण पड़ाव तक पहुंची है। इस अवधि में उन्होंने गुजरात के मुख्यमंत्री से लेकर देश के प्रधानमंत्री के रूप में शासन और जनसेवा का दायित्व निभाया है।
देवशाली ने कहा कि नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में ‘सेवा’, ‘राष्ट्र प्रथम’ और ‘जनभागीदारी’ जैसे विचारों पर विशेष जोर रहा है। उनके नेतृत्व में केंद्र सरकार ने गरीबों, किसानों, महिलाओं, युवाओं तथा वंचित वर्गों के लिए विभिन्न कल्याणकारी एवं विकास कार्यक्रमों को आगे बढ़ाया है। उनके गरीबी उन्मूलन, महिला सशक्तिकरण, बुनियादी सुविधाओं के विस्तार, तकनीक, बुनियादी ढांचे और आत्मनिर्भरता से जुड़े प्रयासों के कारण ही देश की 25 करोड़ जनता गरीबी रेखा से बाहर निकली है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत के विकास को वैश्विक स्तर पर प्रस्तुत करने के साथ-साथ ‘विकसित भारत 2047’ के लक्ष्य को राष्ट्रीय विमर्श का महत्वपूर्ण हिस्सा बनाया है। लोकतांत्रिक व्यवस्था में 25 वर्षों तक सरकार के प्रमुख के रूप में निरंतर सार्वजनिक दायित्व निभाना एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
देवशाली ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को 25 वर्ष की जनसेवा यात्रा के लिए हार्दिक बधाई देते हुए उनके स्वस्थ, दीर्घायु एवं सक्रिय जीवन की कामना की और कहा कि देश की सेवा तथा राष्ट्र निर्माण के प्रति उनका समर्पण आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का विषय रहेगा।