चंडीगढ़, सेक्टर 41 स्थित जय जगदंबे गढ़वाल रामलीला मंडल द्वारा आयोजित रामलीला मंचन में बबीता पठानिया और उपिंदर पठानिया बतौर सम्मानित अतिथि शामिल हुए। मंडल के अध्यक्ष जसपाल रावत की अगुवाई में आयोजन समिति ने दोनों अतिथियों का स्वागत किया। समारोह में बबीता पठानिया ने रिबन काटकर मंचन का विधिवत शुभारंभ किया। उपस्थित श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि रामलीला केवल पारंपरिक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम के सत्य, मर्यादा और कर्तव्यनिष्ठा के आदर्शों को जीवन में उतारने का सशक्त माध्यम है।
उन्होंने आह्वान किया कि नई पीढ़ी को पाश्चात्य प्रभाव से बचाकर अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और नैतिक मूल्यों से जोड़ना हम सभी का सामूहिक दायित्व है। ऐसे आयोजन समाज में आपसी भाईचारे और सौहार्द को प्रगाढ़ करते हैं।
इस मौके पर बबीता पठानिया व उपिंदर पठानिया ने आयोजकों और स्थानीय निवासियों के प्रयासों की सराहना करते हुए मंडल को सफल मंचन की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर मंडल के पदाधिकारी व बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।