चंडीगढ़, ( प्रोसन बर्मन ) बुडैल में सफाई व्यवस्था और बरसाती पानी की निकासी को बेहतर बनाने के लिए नगर निगम 1.04 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्य करवाएगा। मेयर सौरभ जोशी ने मंगलवार को वार्ड नंबर 33 में इन दोनों परियोजनाओं के नींव पत्थर रखे। पहली परियोजना के तहत बुडैल में 27.29 लाख रुपये की लागत से सैनिटेशन बूथ बनाया जाएगा। इसमें सफाई कर्मचारियों के लिए जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इससे सफाई कर्मचारियों को बेहतर कार्यस्थल मिलेगा और क्षेत्र की सफाई व्यवस्था को मजबूत करने में मदद मिलेगी।
सैनी मोहल्ला में सुधरेगी बरसाती पानी की निकासी
दूसरी परियोजना के तहत गांव बुडैल के सैनी मोहल्ला में 76.77 लाख रुपये की लागत से बरसाती पानी की निकासी व्यवस्था मजबूत की जाएगी। इसके लिए स्टॉर्म वाटर ड्रेनेज पाइपलाइन बिछाई जाएगी। इसे कैपिटल स्टॉर्म वाटर ड्रेनेज सिस्टम से जोड़ा जाएगा।
इससे बारिश के दौरान पानी की निकासी बेहतर होगी और जलभराव की समस्या कम करने में मदद मिलेगी। खासकर मानसून के दौरान स्थानीय निवासियों को राहत मिलने की उम्मीद है।
इस मौके पर क्षेत्रीय पार्षद कंवरजीत सिंह और इलाके के अन्य प्रमुख लोग मौजूद रहे। नगर निगम के अनुसार, इन परियोजनाओं का उद्देश्य बुनियादी सुविधाओं में सुधार और शहर के नियोजित विकास को बढ़ावा देना है।