चंडीगढ़, ( प्रोसन बर्मन ) सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए लोगों को दफ्तरों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसके उद्देश्य से रविवार को सेक्टर-41 डी के बड़हेड़ी स्थित गुरुद्वारा लंगर हॉल में विशेष सेवा शिविर लगाया गया। बबीता पठानिया की ओर से आयोजित इस शिविर में लोगों को आयुष्मान भारत कार्ड, वोटर कार्ड से जुड़ी सेवाओं और ई-श्रम कार्ड की सुविधाएं उपलब्ध करवाने में मदद की गई। शिविर में पूर्व मेयर अरुण सूद की मौजूदगी भी रही।
शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर सरकारी योजनाओं से जुड़ी सेवाओं का लाभ उठाया। इस दौरान लोगों को विभिन्न योजनाओं की पात्रता, सुविधाओं और उनके लाभ लेने की प्रक्रिया के बारे में भी जानकारी दी गई।
सरकारी सुविधाएं लोगों तक पहुंचाने का प्रयास
आयोजक बबीता पठानिया ने इस पहल का उद्देश्य आम नागरिकों तक सरकारी सेवाओं को सरलता से पहुंचाना और उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक करना बताया। शिविर के माध्यम से आयुष्मान भारत, मतदाता पहचान पत्र और ई-श्रम कार्ड जैसी सुविधाओं को एक ही स्थान पर उपलब्ध करवाने का प्रयास किया गया।
आयोजकों ने शिविर को सफल बनाने में सहयोग देने वाले स्थानीय निवासियों और कार्यकर्ताओं का आभार जताया।