चंडीगढ़, ( प्रोसन बर्मन ) चंडीगढ़ के प्रशासक एवं पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया द्वारा आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS), झुग्गी बस्तियों एवं पुनर्वास कॉलोनियों में रहने वाले परिवारों को उनके मकानों का मालिकाना हक देने की ऐतिहासिक घोषणा का पूरे चंडीगढ़ में व्यापक स्वागत किया जा रहा है। इस फैसले से वर्षों से अपने आशियानों में रह रहे हजारों परिवारों में खुशी की लहर दौड़ गई है। शहर की विभिन्न पुनर्वास कॉलोनियों में लोगों ने ढोल बजाकर, लड्डू बांटकर और एक-दूसरे का मुंह मीठा कराकर अपनी खुशी का इजहार किया तथा इस मांग को पूरा कराने में भाजपा के सफल प्रयासों पर प्रसन्नता व्यक्त की।
चंडीगढ़ भाजपा अध्यक्ष जीतेन्द्र मल्होत्रा ने इस निर्णय का स्वागत करते हुए कहा कि पुनर्वास कॉलोनियों के निवासियों को मालिकाना हक दिलाना लंबे समय से भाजपा की प्राथमिकताओं में शामिल रहा है। चंडीगढ़ भाजपा का स्थानीय नेतृत्व लगातार इस मांग को केंद्र सरकार और प्रशासन के समक्ष पूरी दृढ़ता से उठाता रहा है। आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी सोच, केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के सहयोग तथा स्थानीय भाजपा नेतृत्व के निरंतर प्रयासों से यह महत्वपूर्ण मांग पूरी होने की दिशा में निर्णायक कदम उठाया गया है। वास्तव में भाजपा के प्रयास पूरी तरह रंग लाए हैं।
गरीबों को मिला सम्मान, सुरक्षा और स्थायित्व
मल्होत्रा ने इस ऐतिहासिक घोषणा के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह तथा चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया का हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह फैसला केवल मकानों के हस्तांतरण या संपत्ति के स्वामित्व तक सीमित नहीं है, बल्कि उन परिवारों को सम्मान, सुरक्षा और स्थायित्व प्रदान करने की दिशा में एक क्रांतिकारी पहल है, जो दशकों से इन मकानों में रह रहे हैं। मालिकाना हक न होने के कारण निवासियों को संपत्ति संबंधी कार्यों में अनेक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। अब इस निर्णय से इन सभी समस्याओं के समाधान का रास्ता साफ हो गया है।
उन्होंने बताया कि इस निर्णय की एक और सबसे बड़ी राहत यह है कि जिन निवासियों की बकाया राशि जमा होनी थी, उस पर लगाई गई पेनल्टी को भी पूरी तरह माफ कर दिया गया है। इससे आर्थिक रूप से कमजोर और निम्न आय वर्ग के परिवारों का भारी आर्थिक बोझ कम हुआ है। प्रशासक के इस कदम से आम नागरिकों के हितों के प्रति सरकार की संवेदनशीलता साफ झलकती है।
मल्होत्रा ने विश्वास व्यक्त किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन तथा प्रशासक गुलाब चंद कटारिया के सहयोग से चंडीगढ़ की अन्य लंबित जनहित की मांगों का समाधान भी शीघ्र ही होगा। उन्होंने पुनर्वास कॉलोनियों के सभी निवासियों को बधाई देते हुए कहा कि भाजपा केवल वादों तक सीमित रहने वाली पार्टी नहीं, बल्कि जनहित के मुद्दों के समाधान के लिए धरातल पर काम करने वाली पार्टी है।