चंडीगढ़ ( प्रोसन बर्मन ) चंडीगढ़ नगर निगम के आम चुनाव के लिए 23 दिसंबर को मतदान होगा। शहर के 35 वार्डों में होने वाले चुनाव में 4,60,209 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। सभी 576 मतदान केंद्रों पर लाइव वेबकास्टिंग की व्यवस्था की जाएगी। राज्य चुनाव आयुक्त डॉ. विजय देव ने शुक्रवार को चुनाव कार्यक्रम की घोषणा की। इसके साथ ही शहर में आदर्श चुनाव आचार संहिता लागू हो गई है। उन्होंने बताया कि प्रशासन और पुलिस ने चुनाव के लिए सभी जरूरी तैयारियां पूरी कर ली हैं।
एप से मिलेगी मतदान केंद्रों पर कतार की जानकारी
चुनाव कार्यक्रम के अनुसार, 26 नवंबर से 3 दिसंबर तक नामांकन पत्र दाखिल किए जा सकेंगे। 4 दिसंबर को नामांकन पत्रों की जांच होगी, जबकि 7 दिसंबर तक उम्मीदवार नाम वापस ले सकेंगे। 23 दिसंबर को सुबह 7:30 बजे से शाम 5 बजे तक मतदान होगा। 26 दिसंबर को मतगणना की जाएगी।
शहर में कुल 4,60,209 मतदाता हैं। इनमें 22 थर्ड जेंडर और 100 वर्ष से अधिक आयु के 23 मतदाता शामिल हैं। सभी मतदान केंद्रों पर वेबकास्टिंग के जरिये निगरानी रखी जाएगी। नगर निगम चुनाव एप पर मतदाता अपने मतदान केंद्र पर कतार की स्थिति देख सकेंगे। वोटर स्लिप पर दिए गए क्यूआर कोड से मतदान केंद्र की जानकारी भी प्राप्त की जा सकेगी।
बुजुर्गों और दिव्यांगों के लिए पोस्टल बैलेट की सुविधा
80 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्गों और दिव्यांग मतदाताओं के लिए पोस्टल बैलेट की सुविधा उपलब्ध होगी। मतदान के बाद मतदाताओं से फीडबैक भी लिया जाएगा। चुनाव आयुक्त के अनुसार, प्रत्याशी रात 10 बजे से सुबह 6 बजे तक चुनाव प्रचार नहीं कर सकेंगे। प्रत्याशियों के लिए चुनाव खर्च की अधिकतम सीमा 7.5 लाख रुपये निर्धारित की गई है।