चंडीगढ़ ( प्रोसन बर्मन ) सेक्टर-10 स्थित लेजर वैली में शुक्रवार को तीन दिवसीय चंडीगढ़ कार्निवल-2026 का आगाज हुआ। पंजाब के राज्यपाल एवं यू.टी. चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया ने कार्निवल का उद्घाटन किया। 20 से 22 नवंबर तक चलने वाले इस आयोजन में कला, संस्कृति, संगीत, पारंपरिक हस्तशिल्प और मनोरंजन का संगम देखने को मिल रहा है।
प्रशासक ने कार्निवल परेड को झंडी दिखाकर रवाना किया। इसमें गवर्नमेंट कॉलेज ऑफ आर्ट के विद्यार्थियों की ओर से तैयार की गई आकर्षक झांकियां शामिल रहीं। इसके बाद उन्होंने रिबन काटकर कार्निवल का औपचारिक उद्घाटन किया। विभिन्न राज्यों के कलाकारों ने नृत्य और संगीत के माध्यम से अपनी लोक संस्कृति और परंपराओं की झलक पेश की। कटारिया ने कहा कि यह कार्निवल ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ की भावना को साकार करता है।
हस्तशिल्प से विंटेज कारों तक आकर्षण
प्रशासक ने प्रदर्शनी क्षेत्र में कला, हस्तशिल्प और विभिन्न उत्पादों के स्टॉल देखे। उन्होंने ‘शगना दा वेहड़ा’ का भी दौरा किया, जहां पंजाब की पारंपरिक जीवनशैली, लोक संस्कृति और वस्त्र विरासत प्रदर्शित की गई है। विंटेज एवं क्लासिक कार प्रदर्शनी में पुरानी कारों का संग्रह भी आकर्षण का केंद्र रहा।
कटारिया ने गवर्नमेंट म्यूजियम एंड आर्ट गैलरी में आयोजित ‘दर्शन दीदार-गुरु नानक देव जी : कला और आध्यात्मिकता की यात्रा’ प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया। इसमें कलात्मक प्रस्तुतियों के माध्यम से गुरु नानक देव जी की शिक्षाओं और दर्शन को दर्शाया गया है।
गिप्पी ग्रेवाल और जावेद अली देंगे प्रस्तुति
कार्निवल में विभिन्न राज्यों के लोक नृत्य, सांस्कृतिक कार्यक्रम, लाइव कला प्रदर्शन, हस्तशिल्प और खरीदारी के स्टॉल, फूड कोर्ट तथा मनोरंजक गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। संगीत संध्याओं में 20 नवंबर को हिमाचल पुलिस बैंड, 21 नवंबर को पंजाबी गायक गिप्पी ग्रेवाल और 22 नवंबर को बॉलीवुड गायक जावेद अली प्रस्तुति देंगे।
इस अवसर पर पर्यटन एवं संस्कृति विभाग के सचिव डॉ. सैयद आबिद रशीद शाह, विभाग के निदेशक नवीन और एसडीएम (सेंट्रल) डॉ. अतुल धकने भी उपस्थित रहे।