चंडीगढ़, (प्रोसन बर्मन ) फिट इंडिया मूवमेंट के ‘संडेज़ ऑन साइकिल’ अभियान के 100वें संस्करण के तहत रविवार को चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी में साइकिल रैली आयोजित की गई। इसमें 700 से अधिक छात्रों, फिटनेस प्रेमियों और अन्य प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम के माध्यम से स्वास्थ्य, फिटनेस, पर्यावरण संरक्षण और ओलंपिक मूल्यों का संदेश दिया गया। इस दौरान प्रतिभागियों ने नशा मुक्त भारत बनाने की शपथ भी ली।
कार्यक्रम का आयोजन युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, फिट इंडिया मूवमेंट, भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) और भारतीय ओलंपिक संघ के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। सुबह 7 बजे शुरू हुए आयोजन में साइकिल रैली के अलावा विभिन्न फिटनेस गतिविधियां और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी हुईं। इस संस्करण की थीम ‘भारत के ओलंपिक सपने की ओर बढ़ते कदम’ रखी गई थी।
खेल हस्तियों ने किया प्रेरित
कार्यक्रम में चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी के रजिस्ट्रार एसएस सहगल, ओलंपियन नवजोत कौर, मेजर ध्यानचंद अवॉर्डी ओम प्रकाश, प्रमुख साइक्लिस्ट रूपेश बाली और स्केटर जान्हवी ने शिरकत की। उन्होंने युवाओं को नियमित व्यायाम और खेल गतिविधियों से जुड़ने के लिए प्रेरित किया।
मेजर ध्यानचंद अवॉर्डी ओम प्रकाश ने कहा कि फिटनेस का डोज, आधा घंटा रोज का संदेश हर व्यक्ति तक पहुंचाना जरूरी है। युवाओं को खेलों से जुड़कर नशा मुक्त भारत के निर्माण में योगदान देना चाहिए। ओलंपियन नवजोत कौर ने कहा कि बड़ी संख्या में युवाओं को साइकिल चलाते देखना देश के खेल भविष्य के प्रति विश्वास बढ़ाता है। स्वस्थ शरीर और अनुशासित जीवनशैली खिलाड़ी की सफलता का आधार है।
साइक्लिस्ट रूपेश बाली ने साइकिलिंग को स्वास्थ्य और पर्यावरण दोनों के लिए लाभकारी बताया। वहीं स्केटर जान्हवी ने कहा कि साइकिलिंग और स्केटिंग जैसी आउटडोर गतिविधियां युवाओं को ऊर्जावान और तनावमुक्त रखती हैं।
देशभर के 100 स्थानों पर हुआ आयोजन
अभियान के 100वें संस्करण का देशव्यापी नेतृत्व केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल तथा श्रम एवं रोजगार मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने पिंपरी-चिंचवड़ (पुणे) से किया। देश के 100 प्रतिष्ठित स्थानों पर एक साथ साइकिल रैलियां आयोजित की गईं। इसके अलावा भारतीय खेल प्राधिकरण के क्षेत्रीय केंद्र चंडीगढ़ के अधीन पंजाब, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के 12 केंद्रों पर भी आयोजन हुआ।
गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के फिटनेस का डोज, आधा घंटा रोज और मोटापे के खिलाफ लड़ाई के संदेश को आगे बढ़ाने के लिए दिसंबर 2024 में इस अभियान की शुरुआत की गई थी। इसका उद्देश्य लोगों को नियमित शारीरिक गतिविधियों के लिए प्रेरित करना और देश में खेल संस्कृति को बढ़ावा देना है।