चंडीगढ़ , नगर निगम चुनाव को लेकर चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस ने अपनी चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी अध्यक्ष एच.एस. लक्की ने घोषित उम्मीदवारों और उनके चुनावी सहयोगियों के साथ रणनीति बैठक कर उन्हें चुनाव प्रबंधन, प्रचार अभियान और बूथ स्तर पर संगठन मजबूत करने के निर्देश दिए। उन्होंने उम्मीदवारों से भाजपा के दस साल के नगर निगम शासन की कमियों को तथ्यों के साथ जनता के सामने रखने और कांग्रेस के विकास विजन को घर-घर तक पहुंचाने का आह्वान किया।
लक्की ने कहा कि नगर निगम चुनाव केवल पार्षद चुनने का मामला नहीं, बल्कि शहर के विकास, नागरिक सुविधाओं और नगर निगम के कामकाज का आकलन करने का अवसर है। उनके अनुसार, पिछले वर्षों में शहरवासियों को बढ़ते टैक्स, महंगी सुविधाओं, खराब सड़कों, सफाई, पानी और सीवरेज की समस्याओं का सामना करना पड़ा है। नगर निगम की आर्थिक स्थिति भी चिंता का विषय बनी हुई है।
लक्की ने कहा कि नगर निगम चुनाव केवल पार्षद चुनने का मामला नहीं, बल्कि शहर के विकास, नागरिक सुविधाओं और नगर निगम के कामकाज का आकलन करने का अवसर है। उनके अनुसार, पिछले वर्षों में शहरवासियों को बढ़ते टैक्स, महंगी सुविधाओं, खराब सड़कों, सफाई, पानी और सीवरेज की समस्याओं का सामना करना पड़ा है। नगर निगम की आर्थिक स्थिति भी चिंता का विषय बनी हुई है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस केवल विरोध तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि पारदर्शी, जवाबदेह और जनहितैषी नगर निगम का विकल्प जनता के सामने रखेगी। पार्टी उम्मीदवारों को स्थानीय समस्याओं की पहचान कर उनके समाधान का एजेंडा तैयार करने को कहा गया है।
नामांकन से मतदान तक की तैयारियों पर दिया जोर
बैठक में प्रेजेंटेशन के माध्यम से उम्मीदवारों को चुनाव प्रबंधन की जानकारी दी गई। इसमें नामांकन प्रक्रिया, जरूरी दस्तावेज, चुनाव आयोग के दिशा-निर्देश, आचार संहिता, प्रचार अभियान की योजना और मतदान दिवस की तैयारियों पर चर्चा हुई। उम्मीदवारों को नामांकन संबंधी औपचारिकताएं समय पर और नियमानुसार पूरी करने के निर्देश दिए गए।
हर घर तक पहुंचने और डिजिटल प्रचार की रणनीति
लक्की ने कहा कि कांग्रेस का प्रचार केवल पोस्टर और बैनर तक सीमित नहीं रहेगा। प्रत्येक उम्मीदवार अपने वार्ड में घर-घर जाकर लोगों से संवाद करेगा और उनकी समस्याएं सुनेगा। उन्होंने फेसबुक, इंस्टाग्राम और व्हाट्सऐप सहित सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर सक्रिय रहने के निर्देश भी दिए।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस उम्मीदवार भाजपा के पिछले दस वर्षों के नगर निगम शासन का हिसाब जनता के सामने रखेंगे। पानी, सफाई, सड़क, सीवरेज, पार्किंग, स्ट्रीट लाइट, आवारा पशुओं, डड्डूमाजरा, कॉलोनियों के मालिकाना हक और शहर के विकास से जुड़े मुद्दे प्रचार अभियान का हिस्सा होंगे।
लक्की ने उम्मीदवारों से आपसी समन्वय और एकजुटता के साथ चुनाव लड़ने तथा बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियां तय करने को कहा। उन्होंने विश्वास जताया कि जनता इस बार बदलाव के लिए कांग्रेस की ओर देख रही है।
बैठक में चंद्रमुखी शर्मा, रविंद्रपाली, विक्रम चोपड़ा, अच्छेलाल गौड़, गुरदर्शन सिंह, हरप्रीत जाखू, करनबीर सिंह, संजीव और मीनाक्षी चौधरी सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता, घोषित उम्मीदवार और उनके समर्थक मौजूद रहे।