चंडीगढ़, अपनी सूफी गायकी से पहचान बनाने वाले Hans Raj Hans ने राजनीति से दूरी बनाते हुए एक बार फिर आध्यात्मिक संगीत की राह पर लौटने का ऐलान किया। उन्होंने शुक्रवार को चंडीगढ़ प्रेस क्लब में अपने नए आध्यात्मिक गीत 'ओहदियां खेडा' को लेकर आयोजित संवाददाता सम्मेलन में कहा कि अब वह पूरी तरह अपनी मूल पहचान सूफी गायकी को आगे बढ़ाने पर ध्यान देंगे और रुहानियत से भरपूर रचनाओं के माध्यम से श्रोताओं की आत्मा को सुकून पहुंचाना चाहते हैं।
हंसराज हंस ने कहा कि राजनीति में झूठ का बोलबाला है और अब वह इस विषय पर कुछ भी नहीं कहना चाहते। उन्होंने स्पष्ट किया कि भविष्य में उनका पूरा ध्यान आध्यात्मिक और सांस्कृतिक संगीत की रचनाओं पर रहेगा, ताकि श्रोता संगीत के माध्यम से आत्मिक शांति का अनुभव कर सकें।
आस्था और भक्ति पर आधारित है नया गीत
उन्होंने बताया कि आनंद रिकॉर्ड्स और गीतकार संजीव आनंद की प्रस्तुति 'ओहदियां खेडा' आस्था, भक्ति और जीवन की आध्यात्मिक यात्रा को समर्पित गीत है। उनके अनुसार, गीत के भावपूर्ण बोल और सूफियाना अंदाज श्रोताओं को आध्यात्मिक अनुभूति से जोड़ने का प्रयास करेंगे।
गीत के बोल गीतकार संजीव आनंद ने लिखे हैं, संगीत अमदाद अली ने तैयार किया है, जबकि वीडियो का निर्देशन जस्स पेस्सी ने किया है। इस प्रोजेक्ट का निर्माण हर्षित आनंद ने किया है।
प्रेस वार्ता में गीतकार संजीव आनंद, प्रसिद्ध गीतकार शमशेर संधू तथा गायक कलाकार हरदीप भी मौजूद रहे। वक्ताओं ने कहा कि यह प्रस्तुति सार्थक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक संगीत को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास है।