नई दिल्ली । अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान एआईआईएमएस नई दिल्ली में रेजिडेंट डॉक्टर्स एसोसिएशन (आरडीए) के अध्यक्ष डॉ. साई कौस्तुभ ने एक महत्वपूर्ण अकादमिक उपलब्धि हासिल की है। उन्होंने अखिल भारतीय स्तर पर आयोजित सुपर स्पेशियलिटी परीक्षा में ऑल इंडिया मेरिट लिस्ट में द्वितीय रैंक प्राप्त की है।इस उपलब्धि के साथ डॉ. साई कौस्तुभ को सर्जिकल गैस्ट्रोएंटरोलॉजी, हेपेटो पैनक्रियाटो बिलियरी और लिवर ट्रांसप्लांट सर्जरी जैसे अत्यंत प्रतिष्ठित सुपर स्पेशियलिटी पाठ्यक्रम में एआईआईएमएस नई दिल्ली में प्रवेश मिला है। चिकित्सा विज्ञान के ये क्षेत्र सबसे जटिल और चुनौतीपूर्ण माने जाते हैं, जहां सीमित सीटों के कारण प्रतिस्पर्धा बेहद कड़ी होती है।
डॉ. साई कौस्तुभ की यह सफलता उनकी गहरी विषयगत समझ, निरंतर परिश्रम और अनुशासित अध्ययन का परिणाम मानी जा रही है। वे वर्तमान में एआईआईएमएस नई दिल्ली के आरडीए अध्यक्ष के रूप में भी सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। इस जिम्मेदारी के तहत उन्होंने रेजिडेंट डॉक्टरों से जुड़े शैक्षणिक और प्रशासनिक मुद्दों को प्रभावी ढंग से संस्थान और प्रशासन के समक्ष रखा है।
उनकी यह उपलब्धि यह दर्शाती है कि मजबूत नेतृत्व क्षमता और अकादमिक उत्कृष्टता एक साथ आगे बढ़ सकती हैं। चिकित्सा क्षेत्र से जुड़े युवाओं के लिए डॉ. साई कौस्तुभ की यह सफलता प्रेरणास्रोत बनकर सामने आई है। इस उपलब्धि पर संस्थान के शिक्षकों, सहकर्मियों और शुभचिंतकों ने उन्हें बधाइयां दी हैं।