ग्रामीण इलाकों में हार्ट अटैक और स्ट्रोक के बढ़ते मामलों के बीच समय पर सही निर्णय ही जीवन और मृत्यु के बीच फर्क तय करता है। इसी उद्देश्य से ऑल इंडिया रूरल डॉक्टर्स ट्रेड यूनियन, रूरल डॉक्टर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (RDAI) की उत्तर 24 परगना जिला इकाई ने ग्रामीण डॉक्टरों के लिए एक दिवसीय न्यूरोलॉजी कार्यशाला का आयोजन किया। यह कार्यशाला बारासात जिला परिषद के नीलदर्पण भवन में आयोजित हुई।
कार्यशाला का मुख्य विषय कार्डियो वैस्कुलर एक्सिडेंट (CVA) यानी स्ट्रोक रहा। वक्ताओं ने इस बात पर जोर दिया कि ग्रामीण क्षेत्रों में किसी भी आपात स्थिति में सबसे पहले जिनसे लोग संपर्क करते हैं, वे ग्रामीण डॉक्टर ही होते हैं। ऐसे में उन्हें स्ट्रोक के शुरुआती लक्षणों की स्पष्ट समझ होना बेहद जरूरी है, ताकि मरीज को ‘गोल्डन ऑवर’ के भीतर अस्पताल रेफर कर उसकी जान बचाई जा सके।
अतिंद्र मेडिकेयर एंड डायलिसिस सेंटर प्राइवेट लिमिटेड अस्पताल के न्यूरोलॉजिस्ट डॉ. नरेंद्र कुमार पोद्दार ने कार्यशाला में बताया कि चेहरे का टेढ़ा होना, एक तरफ हाथ-पैर में कमजोरी, अचानक बोलने में दिक्कत या बेहोशी जैसे लक्षण स्ट्रोक के संकेत हो सकते हैं। उन्होंने ग्रामीण डॉक्टरों को समझाया कि इन लक्षणों को पहचानते ही बिना देरी किए मरीज को नजदीकी अस्पताल भेजना कितना जरूरी है। साथ ही उन्होंने स्ट्रोक अवेयरनेस को गांव-गांव तक पहुंचाने के तरीकों पर भी विस्तार से चर्चा की।
RDAI उत्तर 24 परगना के जिला सचिव डॉ. समीर कुमार घोष ने कहा, “ग्रामीण इलाकों में स्ट्रोक और हार्ट अटैक के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। ऐसे समय में लोगों के पास सलाह के लिए अक्सर सिर्फ ग्रामीण डॉक्टर ही उपलब्ध होते हैं। दुर्भाग्य से सरकारी स्तर पर प्रशिक्षण की व्यवस्था नहीं के बराबर है। इसलिए हमारा संगठन निजी अस्पतालों के विशेषज्ञ डॉक्टरों को बुलाकर ग्रामीण डॉक्टरों को प्राथमिक स्तर का प्रशिक्षण दे रहा है।”
उन्होंने यह भी कहा कि अमेरिका जैसे विकसित देशों में भी ग्रामीण क्षेत्रों में 55 प्रतिशत मामलों में एमबीबीएस डॉक्टर उपलब्ध नहीं हो पाते। भारत जैसे देश में यदि ग्रामीण स्वास्थ्य सेवा से जुड़े लोगों को न्यूनतम प्रशिक्षण दिया जाए, तो समय पर रेफरल के जरिए हजारों जानें बचाई जा सकती हैं। इस दिशा में सरकार को ठोस पहल करनी चाहिए—यही इस कार्यशाला का मूल संदेश रहा।