कुरुक्षेत्र में श्रद्धा और संस्कृति का महासंगम, श्री गुरु तेग बहादुर जी को समर्पित समागम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने की शिरकत
हरियाणा गुरुओं की धरती है, हम नई पीढ़ियों को उनके संदेश, आदर्शों और विचारों से प्रेरित करने के लिए करते रहेंगे निरंतर प्रयास - मुख्यमंत्री
कुरुक्षेत्र/चंडीगढ़, 25 नवंबर। गीता और गुरुओं की पावन धरती हरियाणा आज एक ऐतिहासिक क्षण की साक्षी बनी, जब ‘हिन्द की चादर’ श्री गुरु तेग बहादुर जी के 350वें बलिदान दिवस पर प्रदेश सरकार द्वारा कुरुक्षेत्र के ज्योतिसर में आयोजित समागम में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने शिरकत की। इस कार्यक्रम में हरियाणा के राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष, मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी, केन्द्रीय ऊर्जा, आवासन एवं शहरी मामले मंत्री श्री मनोहर लाल, केंद्रीय संस्कृति राज्य मंत्री राव इंद्रजीत सिंह, केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री श्री कृष्णपाल गुर्जर सहित प्रदेश के कई मंत्री, सांसद, विधायक और विशाल संख्या में पहुंची साध-संगत उपस्थित रही।
समारोह की शुरुआत गुरु ग्रंथ साहिब की पावन हजूरी में नमन और “वाहे गुरु जी का खालसा, वाहे गुरु जी की फतेह” के उच्चारण के साथ हुई। इस अवसर पर हरियाणा के मुख्यमंत्री ने श्री गुरु तेग बहादुर जी के असाधारण बलिदान को नमन करते हुए कहा कि उनकी शिक्षाओं और साहस ने पीढ़ियों को वीरता का संदेश दिया है। उन्होंने श्री गुरु तेग बहादुर साहिब जी की शहादत को नमन करने और उनको श्रद्धासुमन अर्पित करने के लिए हरियाणा को चुनने के लिए प्रधानमंत्री का धन्यवाद किया।