चंडीगढ़, 24 नवम्बर। यूटी प्रशासन के एस्टेट ऑफिस चंडीगढ़ द्वारा आज सेक्टर 1 स्थित चंडीगढ़ क्लब में अवैध निर्माणों को हटाने और भवन नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने हेतु एक तोड़फोड़ अभियान चलाया गया। यह कार्रवाई सुबह 6:00 बजे विभिन्न विभागों एवं प्रवर्तन एजेंसियों के समन्वित प्रयासों के साथ प्रारंभ हुई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, यू.टी. चंडीगढ़ द्वारा पर्याप्त पुलिस बंदोबस्त, जिसमें महिला कांस्टेबलों की तैनाती भी शामिल थी, सुनिश्चित किए गए ताकि संपूर्ण अभियान के दौरान कानून-व्यवस्था बनी रहे। संबंधित डीएसपी पूरे अभियान के दौरान स्थल पर मौजूद रहे।
मुख्य अभियंता, यू.टी. ने एस.डी.ओ. तथा जूनियर इंजीनियरों के माध्यम से तकनीकी पर्यवेक्षण की व्यवस्था की, साथ ही मजदूरों एवं आवश्यक मशीनरी की टीम को तैनात किया। आवश्यकता अनुसार स्थल के जल एवं विद्युत कनेक्शन पूर्व में ही काट दिए गए थे। मुख्य अग्निशमन अधिकारी, सेक्टर 17, ने एहतियातन एक फायर टेंडर भी तैनात किया।