संगरूर/चंडीगढ़, (प्रोसन बर्मन ) गर्भावस्था और प्रसव के दौरान होने वाली जानलेवा आपात स्थितियों से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए पीजीआईएमईआर चंडीगढ़ के एनेस्थीसिया एवं इंटेंसिव केयर विभाग ने पीजीआई सैटेलाइट सेंटर, संगरूर के सहयोग से रविवार को 'ऑब्स्टेट्रिक इमरजेंसीज एंड रिससिटेशन' विषय पर राष्ट्रीय स्तर की एक दिवसीय सीएमई एवं कार्यशाला आयोजित की। यह पीजीआई चंडीगढ़ और सैटेलाइट सेंटर संगरूर का पहला संयुक्त अकादमिक कार्यक्रम रहा, जिसमें पंजाब के जिला अस्पतालों, मेडिकल कॉलेजों और अन्य स्वास्थ्य संस्थानों के डॉक्टरों व रेजिडेंट चिकित्सकों ने भाग लिया।
कार्यक्रम का आयोजन एसोसिएशन ऑफ ऑब्स्टेट्रिक एनेस्थीसियोलॉजिस्ट्स (एओए) के तत्वावधान में "फ्रॉम रिकग्निशन टू रिससिटेशन: एडवांसिंग मैटरनल क्रिटिकल केयर" थीम पर किया गया। इसका उद्देश्य मातृ स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करना और प्रसूति संबंधी गंभीर आपात स्थितियों में चिकित्सकों की तैयारी बढ़ाना था।
डॉ. कशिश गर्ग, आयोजन सचिव ने कहा कि कार्यशाला का उद्देश्य नई वैज्ञानिक जानकारियों और दैनिक चिकित्सा अभ्यास के बीच की दूरी को कम करना है, ताकि विशेषकर दूरदराज क्षेत्रों में कार्यरत चिकित्सकों को भी जीवनरक्षक तकनीकों का प्रशिक्षण मिल सके। उन्होंने आयोजन समिति, विशेषज्ञों और प्रतिभागियों का आभार भी जताया।
डॉ. साहिल गर्ग, आयोजन सह-सचिव ने कार्यक्रम के वैज्ञानिक और प्रबंधन संबंधी समन्वय में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वहीं डॉ. श्रुति शर्मा, मुख्य सलाहकार ने मातृ मृत्यु दर कम करने के लिए निरंतर चिकित्सा शिक्षा, बहु-विषयक समन्वय और साक्ष्य-आधारित उपचार पद्धतियों को आवश्यक बताया।
विशेषज्ञों ने साझा किए आधुनिक उपचार के तरीके
कार्यशाला में पीजीआई चंडीगढ़, एम्स बठिंडा, सर गंगाराम अस्पताल नई दिल्ली, फर्नांडीज अस्पताल हैदराबाद और गुरु गोबिंद सिंह मेडिकल कॉलेज फरीदकोट के विशेषज्ञों ने व्याख्यान दिए। वैज्ञानिक सत्रों में मॉडिफाइड अर्ली वार्निंग सिस्टम (MEWS), प्री-एक्लेम्प्सिया एवं एक्लेम्प्सिया, प्रसूति सेप्सिस, प्रसवोत्तर रक्तस्राव, मातृ हृदयाघात, गंभीर मरीजों के सुरक्षित रेफरल, पीआरईएस सिंड्रोम और पेरिपार्टम कार्डियोमायोपैथी जैसे विषयों पर चर्चा हुई।
पीजीआई की फैकल्टी डॉ. काजल, डॉ. निधि भाटिया, डॉ. कोमल, डॉ. राशि सरना, डॉ. विग्नेश, डॉ. प्रेरणा और डॉ. भारती शर्मा भी कार्यक्रम में मौजूद रहीं।
हैंड्स-ऑन प्रशिक्षण रहा आकर्षण
कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण सिमुलेशन आधारित हैंड्स-ऑन प्रशिक्षण रहा। इसमें प्रतिभागियों को मातृ कार्डियक अरेस्ट रिससिटेशन, ऑब्स्टेट्रिक पॉइंट-ऑफ-केयर अल्ट्रासाउंड (POCUS) और अल्ट्रासाउंड-गाइडेड एपिड्यूरल तकनीकों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। विशेषज्ञों के मार्गदर्शन में चिकित्सकों ने विभिन्न आपात परिस्थितियों का अभ्यास कर जीवनरक्षक प्रक्रियाओं में दक्षता हासिल की।
आयोजकों ने कहा कि ऐसे संयुक्त अकादमिक कार्यक्रमों से विशेषज्ञ चिकित्सा शिक्षा को बड़े संस्थानों से बाहर जिला और क्षेत्रीय स्तर तक पहुंचाने में मदद मिलेगी, जिससे मातृ एवं नवजात स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार होगा।