जालंधर, पंजाब भाजपा अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हर बार पंजाब के लिए विकास की नई सौगात लेकर आते हैं। उन्होंने यूरोपीय देशों के साथ हुए व्यापार समझौते में गेहूं और दूध को शामिल नहीं किए जाने को किसानों के हित में बड़ा फैसला बताते हुए इसके लिए प्रधानमंत्री का आभार जताया। साथ ही दावा किया कि इस समझौते से पंजाब के उद्योग और कृषि निर्यात को व्यापक लाभ मिलेगा।
जालंधर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनसभा को संबोधित करते हुए ढिल्लों ने कहा कि लुधियाना की होजरी और साइकिल उद्योग, जालंधर का खेल एवं चमड़ा उद्योग, बटाला की मशीनरी तथा पंजाब का बासमती चावल, फल और सब्जियां बिना टैरिफ के 27 यूरोपीय देशों तक पहुंच सकेंगी। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार किसानों के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है और गेहूं व धान पर न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) में लगातार वृद्धि की जा रही है।
एमएसपी और अर्थव्यवस्था का भी किया जिक्र
ढिल्लों ने कहा कि वह किसान परिवार से आते हैं और किसानों की समस्याओं को समझते हैं। उनका कहना था कि पंजाब का किसान समृद्ध होगा तो राज्य भी समृद्ध बनेगा। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस सरकार के समय एमएसपी में सीमित बढ़ोतरी होती थी, जबकि वर्तमान सरकार किसानों के हित में लगातार फैसले ले रही है।
उन्होंने कहा कि वैश्विक आर्थिक चुनौतियों के बावजूद भारत लगभग 7 प्रतिशत की विकास दर के साथ दुनिया की प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है। साथ ही मोबाइल निर्माण इकाइयों की संख्या बढ़ने का उल्लेख करते हुए वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को दोहराया।
आप सरकार पर हमलावर रहे भाजपा नेता
ढिल्लों ने पंजाब की आर्थिक स्थिति, नशा, बेरोजगारी और गैंगस्टरवाद पर चिंता जताते हुए इन समस्याओं के लिए आम आदमी पार्टी सरकार को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा की सरकार बनने पर इन चुनौतियों से प्रभावी ढंग से निपटा जाएगा।
पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने भी आम आदमी पार्टी सरकार पर संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों की अनदेखी करने का आरोप लगाया तथा कहा कि पंजाब की समस्याओं के समाधान के लिए भाजपा को मजबूत जनादेश मिलना चाहिए।
पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक अश्वनी शर्मा ने कहा कि राज्य इस समय गंभीर चुनौतियों का सामना कर रहा है और इसके लिए मौजूदा सरकार जिम्मेदार है। उन्होंने आम आदमी पार्टी और उसके नेतृत्व पर भी राजनीतिक हमला बोला।
कार्यक्रम को पूर्व प्रदेश अध्यक्ष श्वेत मलिक, मनप्रीत सिंह बादल, महारानी परनीत कौर, पूर्व केंद्रीय मंत्री विजय सांपला, अविनाश राय खन्ना, मनोरंजन कालिया, अशोक मित्तल, पूर्व क्रिकेटर हरभजन सिंह, राज्यसभा सदस्य सतनाम सिंह संधू सहित अन्य नेताओं ने भी संबोधित किया।