भुवनेश्वर, (प्रोसन बर्मन) पीआईबी चंडीगढ़ के नेतृत्व में ओडिशा के दौरे पर पहुंचे मीडिया प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को भुवनेश्वर स्थित बीआरआईसी-इंस्टीट्यूट ऑफ लाइफ साइंसेज (BRIC-ILS) का दौरा किया। इस दौरान पत्रकारों ने संस्थान में चल रहे वैज्ञानिक शोध, उपलब्ध सुविधाओं, उपलब्धियों और समाज से जुड़े कार्यक्रमों की जानकारी ली।
वैज्ञानिकों से संवाद, शोध कार्यों की ली जानकारी
दौरे के दौरान बीआरआईसी-आईएलएस के निदेशक डॉ. देबासिस दाश ने संस्थान की प्रमुख उपलब्धियों और कार्यक्रमों पर प्रस्तुति दी। डॉ. निवेदिता जेना ने आईएलएस बायोइन्क्यूबेटर की कार्यप्रणाली और नवाचार व उद्यमिता को बढ़ावा देने में इसकी भूमिका के बारे में जानकारी दी।
डॉ. सोमा चट्टोपाध्याय और डॉ. पी.वी. रामाचंदर ने अपने-अपने शोध कार्यों के बारे में पत्रकारों को बताया। इनमें चिकनगुनिया और बच्चों में दुर्लभ आनुवंशिक विकारों से जुड़े शोध शामिल रहे।
प्रतिनिधिमंडल ने संस्थान की विभिन्न सुविधाओं का भी भ्रमण किया और वैज्ञानिकों के साथ चल रहे शोध, वैज्ञानिक विकास तथा सामाजिक गतिविधियों पर संवाद किया। दौरे के अंत में प्रश्नोत्तर सत्र आयोजित किया गया। इसका उद्देश्य वैज्ञानिक समुदाय और मीडिया के बीच संवाद को मजबूत करना तथा वैज्ञानिक उपलब्धियों और उनके सामाजिक महत्व को व्यापक स्तर तक पहुंचाना रहा।
दौरे में पीआईबी चंडीगढ़ के निदेशक प्रीतम सिंह और धरम सिंह के साथ पत्रकार पवन शर्मा, अरुण नाथानी, सुमेश कुमारी, कुलदीप कुमार शुक्ला, परमजीत कौर, राकेश गुप्ता, चमन लाल और प्रोसन बर्मन शामिल रहे।