सिरसा,सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के प्रेस इंफोरमेशन ब्यूरो (PIB) चंडीगढ़ द्वारा सिरसा में वंदे मातरम की 150वीं वर्षगांठ पर मीडिया कार्यशाला ‘वार्ता’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नशा उन्मूलन, पर्यावरण संरक्षण और समाज में मीडिया की जिम्मेदार भूमिका पर विशेष चर्चा हुई। कार्यशाला में उपायुक्त शांतनु शर्मा, सिरसा एसपी दीपक सहारण और डबवाली एसपी निकिता खट्टर ने मीडिया प्रतिनिधियों से संवाद किया। उपायुक्त शांतनु शर्मा ने कहा कि मीडिया और प्रशासन के सहयोग से इस वर्ष पराली आगजनी की घटनाओं में कमी आई है। किसानों को फसल अवशेष प्रबंधन के प्रति लगातार जागरूक किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नशामुक्ति अभियान में भी मीडिया बड़ी भूमिका निभा सकता है। जिले में मेडिकल स्टोर्स की जांच और अवैध गतिविधियों पर कड़ी कार्रवाई जारी है।
सिरसा पुलिस अधीक्षक दीपक सहारण ने कहा कि मीडिया तथ्य आधारित और संवेदनशील रिपोर्टिंग को प्राथमिकता दे। नशा छोड़ चुके लोगों की प्रेरक कहानियां सामने आएं, ताकि नशा पीड़ितों को उपचार के लिए प्रेरणा मिले। उन्होंने किसानों से अपील की कि सर्दियों के दौरान ट्रैक्टर-ट्रॉली पर रिफ्लेक्टर लगाएं, जिससे दुर्घटनाओं से बचाव हो सके।
डबवाली एसपी निकिता खट्टर ने कहा कि सीमावर्ती इलाकों में नशा गंभीर सामाजिक समस्या बन चुका है, जो युवाओं का भविष्य बर्बाद कर रहा है। उन्होंने कहा—“अंधेरे में पनपता है नशा और पत्रकारिता का प्रकाश उसे कम करने में सहायक है।” मीडिया को सनसनी से बचते हुए जिम्मेदारीपूर्वक नशे को अपराध और सामाजिक समस्या के रूप में प्रस्तुत करना चाहिए।
पीआईबी के मीडिया एवं संचार अधिकारी अहमद खान ने कार्यशाला के उद्देश्य और मंत्रालय की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी।
सीडीएलयू से डॉ. एम. काशिफ किदवई ने पर्यावरण संरक्षण और पराली प्रबंधन पर व्याख्यान दिया। वहीं जनसंचार विभाग के डॉ. अमित सांगवान ने ड्रग डी-एडिक्शन में मीडिया की भूमिका पर प्रकाश डाला। मीडिया प्रतिनिधियों ने ‘वार्ता’ जैसी कार्यशालाओं को प्रशासन व मीडिया के बीच सार्थक समन्वय का महत्व बताते हुए इसे आगे भी जारी रखने की आवश्यकता पर जोर दिया।