कोलकाता, गौड़ीय वैष्णव साहित्य और विरासत को संरक्षित करने के दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए बागबाजार गौड़ीय मिशन ने सोमवार को अपनी पहली डिजिटल लाइब्रेरी का शुभारंभ किया। इस लाइब्रेरी के माध्यम से अब गौड़ीय वैष्णव ग्रंथ, पत्रिकाएँ, पत्रावली और दुर्लभ पांडुलिपियाँ दुनिया भर के शोधकर्ताओं, छात्रों और पाठकों के लिए एक क्लिक पर उपलब्ध होंगी। इस परियोजना को मूर्त रूप देने में भक्तिवेदांत रिसर्च सेंटर ने अहम भूमिका निभाई है।
गौड़ीय मठ के आचार्य भक्ति सुंदर सन्यासी महाराज ने डिजिटल प्लेटफ़ॉर्म का औपचारिक उद्घाटन किया। gaudiyamissionbooks.com वेबसाइट के जरिये पाठक मिशन के समृद्ध पुस्तक संग्रह तक पहुँच सकते हैं। कार्यक्रम में भक्तिवेदांत रिसर्च सेंटर के ट्रस्टी और डीन डॉ. सुमंत रुद्र, एशियाटिक सोसाइटी के एडमिनिस्ट्रेटर कर्नल अनंत सिन्हा और सेंट जेवियर्स कॉलेज की इतिहास विभाग की प्रोफ़ेसर डॉ. तीनि गोस्वामी उपस्थित थीं।उद्घाटन के अवसर पर भक्ति सुंदर सन्यासी महाराज ने कहा, “गौड़ीय मिशन शुद्ध भक्ति के प्रचार-प्रसार के लिए समर्पित संस्था है। हमारे संस्थापक आचार्य, श्रीमद भक्तिसिद्धांत सरस्वती गोस्वामी प्रभुपाद ने इस ग्रंथालय को वैष्णव परंपरा और ज्ञान को संरक्षित करने के उद्देश्य से स्थापित किया था। यहाँ श्रीचैतन्य महाप्रभु के समय से जुड़े अनेक दुर्लभ ग्रंथ, भागवत, रामायण, महाभारत, पुराण तथा कई पांडुलिपियाँ उपलब्ध हैं।”
उन्होंने आगे कहा कि वैश्विक स्तर पर प्राचीन विरासत के डिजिटाइजेशन का जो अभियान चल रहा है, उसी को ध्यान में रखते हुए गौड़ीय मिशन ने अपने अमूल्य संग्रह को सुरक्षित और सुलभ बनाने का निर्णय लिया। “प्रभुपाद की 150वीं जयंती वर्ष में इस डिजिटल लाइब्रेरी का आरंभ हमारे लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है,” उन्होंने कहा। भक्तिवेदांत रिसर्च सेंटर के डीन डॉ. सुमंत रुद्र ने कहा कि पुस्तकों के डिजिटाइज होने से न सिर्फ विश्वभर के पाठक लाभान्वित होंगे, बल्कि गौड़ीय वैष्णव परंपरा पर होने वाले शोध को भी नई दिशा मिलेगी। डिजिटल लाइब्रेरी की शुरुआत के साथ ही बागबाजार गौड़ीय मिशन की बहुमूल्य धरोहर अब समय और दूरी की सीमाओं से परे, विश्वभर में उपलब्ध हो सकेगी—घर बैठे, एक क्लिक में।