भारत की सांस्कृतिक परंपरा में मकर संक्रांति का विशेष स्थान है। यह पर्व केवल एक तिथि या धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि प्रकृति, कृषि और मानव जीवन के सामंजस्य का उत्सव है। प्रतिवर्ष जनवरी माह में पौष मास के दौरान मनाया जाने वाला यह पर्व उस खगोलीय क्षण का प्रतीक है, जब सूर्य धनु राशि को छोड़कर मकर राशि में प्रवेश करता है और उसकी उत्तरायण गति आरंभ होती है। इसी परिवर्तन के साथ दिन बड़े और रातें छोटी होने लगती हैं, जिसे प्रकाश, ऊर्जा और नवचेतना का संकेत माना जाता है। धार्मिक मान्यता के अनुसार, मकर संक्रांति के दिन सूर्यदेव अपने पुत्र शनिदेव से मिलने उनके धाम में जाते हैं। शनिदेव मकर राशि के स्वामी हैं, इसलिए यह पर्व ‘मकर संक्रांति’ के नाम से प्रसिद्ध हुआ। इस दिन को अत्यंत पुण्यदायी माना जाता है और सूर्योपासना का विशेष महत्व है। देशभर में श्रद्धालु नदियों के तटों पर स्नान कर दान-पुण्य करते हैं। गंगा, यमुना और संगम तट पर इस दिन स्नान को मोक्षदायी माना गया है। प्रयागराज और गंगासागर में इसे महास्नान की संज्ञा दी गई है।
यद्यपि संक्रांति वर्ष में बारह बार आती है, लेकिन मकर और कर्क संक्रांति का महत्व सबसे अधिक माना गया है। मकर संक्रांति से सूर्य की उत्तरायण यात्रा प्रारंभ होती है, जबकि कर्क संक्रांति से दक्षिणायण। यही कारण है कि मकर संक्रांति को शुभ कार्यों, दान और आध्यात्मिक साधना के लिए श्रेष्ठ तिथि माना जाता है।
यह पर्व कृषि जीवन से भी गहराई से जुड़ा है। देश के अनेक हिस्सों में यह नई फसल के आगमन का समय होता है। पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, बिहार और तमिलनाडु सहित कई राज्यों में किसान इस दिन को प्रकृति के प्रति आभार व्यक्त करने के पर्व के रूप में मनाते हैं। नई फसल की खुशी और परिश्रम का फल इस पर्व में झलकता है।
भारत की विविधता इस पर्व के रूपों में भी दिखाई देती है। पंजाब और हरियाणा में इसे 13 जनवरी को लोहड़ी के रूप में मनाया जाता है। इस दिन अलाव जलाकर अग्निदेव की पूजा की जाती है। तिल, गुड़, मूंगफली, रेवड़ी और भुने मक्के की आहुति देकर खुशियां बांटी जाती हैं। नई बहू और नवजात शिशु के लिए लोहड़ी का विशेष महत्व होता है। लोकगीतों, ढोल की थाप और मक्के की रोटी तथा सरसों के साग से यह पर्व और भी उल्लासपूर्ण हो जाता है।
तमिलनाडु में यह पर्व पोंगल के नाम से चार दिनों तक मनाया जाता है, जिसमें सूर्य, पशुधन और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता प्रकट की जाती है। गुजरात में उत्तरायण के रूप में यह पतंग उत्सव का भव्य रूप ले लेता है। कर्नाटक, केरल और आंध्र प्रदेश में इसे संक्रांति, उत्तराखंड में उतरायणी और गढ़वाल क्षेत्र में खिचड़ी संक्रांति कहा जाता है।
मकर संक्रांति पर तिल और गुड़ का विशेष महत्व है। हमारे तीज-त्योहार ऋतु के अनुसार आहार की वैज्ञानिक समझ भी प्रस्तुत करते हैं। शीत ऋतु में तिल का सेवन शरीर को ऊष्मा प्रदान करता है और स्वास्थ्य के लिए लाभकारी माना जाता है। यही कारण है कि इस अवसर पर तिल-गुड़ बांटने, तिल के लड्डू बनाने और सूर्य को अर्घ्य देने की परंपरा प्रचलित है।
महाभारत काल में भी इस पर्व की महत्ता रही है। इच्छामृत्यु का वरदान प्राप्त भीष्म पितामह ने मकर संक्रांति के दिन ही शरीर त्याग किया था, जिससे इस तिथि की धार्मिक और आध्यात्मिक गरिमा और अधिक बढ़ जाती है।
सांस्कृतिक दृष्टि से मकर संक्रांति केवल पर्व नहीं, बल्कि जीवन-दर्शन है। यह पर्व हमें अंधकार से प्रकाश की ओर, जड़ता से कर्म की ओर और निराशा से आशा की ओर बढ़ने की प्रेरणा देता है। यह विविधताओं के बीच एकता और प्रकृति के साथ संतुलन का संदेश देता है।