गंगासागर | मकर संक्रांति के पावन अवसर पर गंगा और बंगाल की खाड़ी के संगम पर स्थित गंगासागर में श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। बुधवार दोपहर 3 बजे तक देश के विभिन्न राज्यों से 85 लाख से अधिक श्रद्धालु गंगासागर मेला क्षेत्र में पहुंच चुके थे। राज्य के बिजली व आवास मंत्री अरूप विश्वास ने बताया कि 2026 गंगासागर मेले के तहत पवित्र स्नान के साथ शाही स्नान का शुभ मुहूर्त 14 जनवरी को दोपहर 1.19 बजे शुरू हुआ है, जो अगले 24 घंटे तक चलेगा। शाही स्नान शुरू होते ही सुबह से ही मेला क्षेत्र में श्रद्धालुओं की संख्या तेजी से बढ़ती गई।
अरूप विश्वास ने कहा कि मकर संक्रांति के दिन सागर संगम पर अभूतपूर्व भीड़ देखी जा रही है और शाही स्नान कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शांतिपूर्वक कराया जा रहा है। प्रशासन की ओर से सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। हालांकि भारी भीड़ के बीच बीमार पड़ने से दो श्रद्धालुओं की मौत हो गई। मृतकों में एक की पहचान असम निवासी मिथु मंडल (51) के रूप में हुई है। वहीं पांच अन्य गंभीर रूप से बीमार श्रद्धालुओं को एयरलिफ्ट कर कोलकाता के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
शाही स्नान के साथ-साथ कपिल मुनि आश्रम में पूजा-अर्चना के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं। मंदिर परिसर पूरी तरह भरा रहा और श्रद्धालुओं को आगे बढ़ने में कठिनाई का सामना करना पड़ा। बुधवार तड़के से ही कड़ाके की ठंड के बावजूद देश के विभिन्न हिस्सों से आए श्रद्धालु पुण्य अर्जित करने के लिए गंगासागर तट पर पहुंचते रहे और पवित्र डुबकी लगाई।
इस वर्ष श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर प्रशासन ने नई तकनीक का सहारा लिया है। पहली बार गंगासागर मेले में एनडीआरएफ और राज्य आपदा प्रबंधन की ओर से अत्याधुनिक वॉटर ड्रोन तैनात किए गए हैं, जो समुद्र तट पर लगातार निगरानी के साथ आपात स्थिति में त्वरित राहत और बचाव कार्य में मदद कर रहे हैं। ये ड्रोन 100 किलो तक वजन उठाने में सक्षम हैं और जरूरत पड़ने पर संकट में फंसे श्रद्धालुओं को सुरक्षित स्थान तक पहुंचाने में उपयोग किए जा रहे हैं। कपिल मुनि आश्रम और प्रमुख स्नान घाटों पर इन ड्रोन की विशेष तैनाती की गई है।
मेले की सुरक्षा के लिए ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों के साथ-साथ सिविल डिफेंस, आपदा मोचन दल और नौसेना की टीमें जलमार्ग पर लगातार गश्त कर रही हैं। भीड़ नियंत्रण और लापता लोगों की तलाश के लिए विशेष कंट्रोल रूम भी बनाया गया है। आसमान से लेकर समुद्र तक कड़ी निगरानी के बीच पूरा मेला क्षेत्र बहुस्तरीय सुरक्षा घेरे में है।
श्रद्धालुओं की आस्था और विश्वास का प्रतीक वाक्य “सारे तीर्थ बार-बार, गंगासागर एक बार” इस मौके पर साकार होता दिखा। हिंदू मान्यता के अनुसार गंगासागर भारत का दूसरा सबसे बड़ा धार्मिक समागम है और मकर संक्रांति पर यहां स्नान करने से सभी तीर्थों का पुण्य प्राप्त होता है। इस दिन सूर्य के मकर राशि में प्रवेश को अत्यंत शुभ माना जाता है, इसी आस्था के चलते लाखों श्रद्धालु गंगासागर पहुंचकर पुण्य स्नान कर रहे हैं।