चंडीगढ़ / नई दिल्ली, भारत निर्वाचन आयोग (ECI) द्वारा आयोजित तीन दिवसीय भारत अंतरराष्ट्रीय लोकतंत्र एवं निर्वाचन प्रबंधन सम्मेलन (IICDEM)–2026 का आज नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में भव्य शुभारंभ हुआ। विशेष रूप से आयोजित स्वागत समारोह में भारत के मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार तथा निर्वाचन आयुक्तगण डॉ. सुखबीर सिंह संधू एवं डॉ. विवेक जोशी ने विश्व के विभिन्न देशों से आए लगभग 60 अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधियों — जो विभिन्न देशों के निर्वाचन प्रबंधन निकायों (Election Management Bodies – EMBs) का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं — का औपचारिक रूप से स्वागत किया।
सम्मेलन का शुभारंभ भव्य उद्घाटन सत्र के साथ हुआ, जिसमें लगभग 1,000 प्रतिभागियों ने भाग लिया। इनमें 42 निर्वाचन प्रबंधन निकायों के प्रतिनिधि, 27 देशों के राजदूत एवं उच्चायुक्त, 70 से अधिक राष्ट्रीय संस्थानों के विशेषज्ञ, भारत निर्वाचन आयोग के वरिष्ठ अधिकारी तथा देशभर के 36 राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (CEOs) शामिल रहे।
सम्मेलन के अंतर्गत 36 विषयगत समूहों का गठन किया गया है, जिनका नेतृत्व राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों के मुख्य निर्वाचन अधिकारी कर रहे हैं। केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ को इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) विषय सौंपा गया है। इस विषयगत अध्ययन के लिए भारत निर्वाचन आयोग ने यूटी चंडीगढ़ को एंटीगुआ एवं बारबुडा के साथ साझेदार किया है, जिससे अंतरराष्ट्रीय सर्वोत्तम प्रथाओं तथा निर्वाचन प्रक्रियाओं से जुड़े तुलनात्मक अनुभवों का आदान-प्रदान संभव हो सकेगा।
सम्मेलन की पूर्व संध्या पर मुख्य निर्वाचन अधिकारी, यूटी चंडीगढ़, स्वप्निल एम. नाइक, आईएएस ने प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधियों — जिनमें आर्थर जी. बी. थॉमस, अध्यक्ष, एंटीगुआ एवं बारबुडा निर्वाचन आयोग, तथा इयान एस. ह्यूजेस, सुपरवाइज़र ऑफ इलेक्शंस, एंटीगुआ एवं बारबुडा शामिल हैं — का हार्दिक स्वागत किया।
तीन दिवसीय कार्यक्रम (21 से 23 जनवरी 2026) के दौरान सामान्य एवं पूर्ण अधिवेशन आयोजित किए जा रहे हैं, जिनमें उद्घाटन सत्र, निर्वाचन प्रबंधन निकाय (EMB) नेताओं की पूर्ण बैठक, EMB कार्य समूह बैठकें तथा विभिन्न विषयगत सत्र शामिल हैं। इन सत्रों में वैश्विक निर्वाचन चुनौतियों, अंतरराष्ट्रीय निर्वाचन मानकों, नवाचारों तथा सर्वोत्तम प्रथाओं पर व्यापक विचार-विमर्श किया जाएगा।
इस अवसर पर अमनदीप सिंह भट्टी, निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी-सह-अपर उपायुक्त; नवीन रत्तू, एईआरओ-सह-एसडीएम (सेंट्रल); राजीव तिवारी, एईआरओ-सह-निर्वाचन मीडिया नोडल अधिकारी; पवित्र सिंह, निदेशक (हॉस्पिटैलिटी); डॉ. संजय बाठिश, उप नोडल अधिकारी (ईवीएम) सहित चंडीगढ़ प्रशासन के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।