नई दिल्ली/चंडीगढ़, चंडीगढ़ के डीजीपी डॉ. सागर प्रीत सिंह हुड्डा, आईपीएस को ‘राष्ट्रपति विशिष्ट सेवा पदक’ से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान पुलिस सेवा में उत्कृष्ट और निष्कलंक योगदान के लिए दिया जाता है। पुरस्कार की घोषणा 2025 के स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर की गई थी और औपचारिक रूप से 16 फरवरी 2026 को नई दिल्ली में आयोजित अलंकरण समारोह में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने प्रदान किया। समारोह का आयोजन दिल्ली पुलिस के स्थापना दिवस के अवसर पर हुआ।
28 वर्षों की निष्कलंक सेवा
1997 बैच (एजीएमयूटी) के आईपीएस अधिकारी डॉ. हुड्डा ने 28 वर्षों से अधिक समय तक भारतीय पुलिस सेवा में विभिन्न संवेदनशील और चुनौतीपूर्ण पदों पर कार्य किया है। अरुणाचल प्रदेश, दिल्ली, चंडीगढ़ और भारत सरकार में उनकी जिम्मेदारियां प्रशासनिक दक्षता और पेशेवर प्रतिबद्धता का उदाहरण रही हैं।
अरुणाचल से दिल्ली तक अहम जिम्मेदारियां
अरुणाचल प्रदेश के वेस्ट सियांग जिले में पुलिस अधीक्षक रहते हुए उन्होंने उग्रवाद समर्थित उगाही नेटवर्क को ध्वस्त कर कानून व्यवस्था को मजबूत किया।
दिल्ली में अतिरिक्त उपायुक्त पुलिस के रूप में उन्होंने ‘परिवर्तन’ पहल की शुरुआत की, जिसका उद्देश्य महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा को सुदृढ़ करना था। इस कार्यक्रम को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी सराहना मिली और इसे वॉशिंगटन स्थित इंटरनेशनल एसोसिएशन ऑफ चीफ्स ऑफ पुलिस का ‘वेबर सीवी अवार्ड’ प्राप्त हुआ।
जी20 सहित कई बड़े आयोजनों की जिम्मेदारी
उपायुक्त, संयुक्त आयुक्त और विशेष आयुक्त जैसे पदों पर रहते हुए उन्होंने कई हाई प्रोफाइल जांचों की निगरानी की और जटिल कानून व्यवस्था स्थितियों का प्रभावी प्रबंधन किया। वर्ष 2023 में आयोजित जी20 शिखर सम्मेलन के दौरान सुरक्षा प्रबंधन में भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही।
अरुणाचल प्रदेश में पुलिस महानिरीक्षक कानून व्यवस्था के रूप में उन्होंने संवेदनशील आंदोलनों और चुनावों के दौरान शांति और व्यवस्था सुनिश्चित की।
डॉ. हुड्डा का करियर साहस, प्रशासनिक सूझबूझ और जनसेवा के प्रति अटूट प्रतिबद्धता से चिह्नित रहा है। ‘राष्ट्रपति विशिष्ट सेवा पदक’ उनके इसी समर्पण का सम्मान है।