मायापुर, गौड़ीय वैष्णव धर्म के प्रवर्तक श्री चैतन्य महाप्रभु की 540वीं आविर्भाव तिथि और 'दोल उत्सव' के पावन अवसर पर इस्कॉन के वैश्विक मुख्यालय मायापुर में आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा है। 35 दिवसीय इस महाकुंभ में शामिल होने के लिए देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु यहाँ पहुँच रहे हैं। पूरे मंदिर नगर को आकर्षक रोशनी और फूलों से सजाया गया है, जहाँ चौबीसों घंटे 'हरे कृष्ण' महामंत्र और हरिनाम संकीर्तन की गूँज सुनाई दे रही है।
5 मार्च तक चलेगा भक्ति का महोत्सव
इस्कॉन के जनसंपर्क अधिकारी रसिक गौरांग दास ने बताया कि इस वर्ष श्रद्धालुओं की संख्या ने पिछले कई रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। 5 मार्च तक चलने वाले इस उत्सव में विश्व वैष्णव सम्मेलन, 72 किलोमीटर की 'नवद्वीप मंडल परिक्रमा', विश्व शांति यज्ञ और नौका विहार जैसे मुख्य आकर्षण शामिल हैं। श्रद्धालुओं के लिए प्रतिदिन विशाल स्तर पर नि:शुल्क प्रसाद वितरण की व्यवस्था की गई है। इसके साथ ही श्रीमद्भागवत पर विभिन्न भाषाओं में प्रवचन और आध्यात्मिक संगोष्ठियां आयोजित की जा रही हैं।
विदेशी नागरिकों की सुरक्षा को लेकर प्रशासन सतर्क
इस्कॉन सूत्रों के अनुसार, वर्तमान में मायापुर में अमेरिका, रूस, ब्रिटेन, फ्रांस, जापान, चीन और यूक्रेन समेत दर्जनों देशों के लगभग 3,500 से 4,000 विदेशी श्रद्धालु डेरा डाले हुए हैं। इनमें सबसे अधिक संख्या रूस और अमेरिका से आए भक्तों की है। हालिया वैश्विक परिस्थितियों और तनावपूर्ण अंतरराष्ट्रीय माहौल के मद्देनज़र राज्य प्रशासन ने मायापुर और समीपवर्ती नवद्वीप क्षेत्र में सुरक्षा के अभूतपूर्व प्रबंध किए हैं। विदेशी नागरिकों के आवासीय स्थलों और मंदिर के प्रवेश द्वारों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती के साथ सीसीटीवी कैमरों से चप्पे-चप्पे पर नज़र रखी जा रही है।
संगम तट पर सुरक्षा के कड़े पहरे
सोमवार सुबह जलंगी और भागीरथी के पवित्र संगम पर होने वाले शाही स्नान को देखते हुए घाटों पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। गौड़ीय वैष्णव परंपरा में इस संगम का विशेष धार्मिक महत्व है। मंदिर प्रशासन ने लगभग 700 वर्ग किलोमीटर में फैले मायापुर को विभिन्न 'एक्टिविटी ज़ोन' में विभाजित किया है ताकि मुख्य मंदिर परिसर में भीड़ का दबाव कम किया जा सके।
समावेशी संदेश के साथ स्वागत
चैतन्य महाप्रभु के समावेशी और प्रेम के संदेश के अनुरूप, मंदिर प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यहाँ सभी जाति, पंथ और राष्ट्रीयता के लोगों के लिए द्वार खुले हैं। प्रशासनिक अधिकारियों ने विश्वास जताया है कि विकेंद्रीकृत व्यवस्था के माध्यम से आगामी दिनों में बढ़ने वाली भीड़ को सुचारु रूप से नियंत्रित कर लिया जाएगा। श्रद्धालुओं में इस ऐतिहासिक वर्षगांठ को लेकर भारी उत्साह देखा जा रहा है।