मायापुर: ISKCON के मुख्यालय श्रीधाम मायापुर में 10वें ‘ऑल इंडिया ट्राइबल कन्वेंशन’ का आयोजन होने जा रहा है। तीन दिवसीय इस राष्ट्रीय सम्मेलन में देश के 10 राज्यों से लगभग 2,500 जनजातीय प्रतिनिधि शामिल होंगे। इन राज्यों में पश्चिम बंगाल, गुजरात, महाराष्ट्र, झारखंड, असम, आंध्र प्रदेश, ओडिशा, त्रिपुरा, तेलंगाना और मिजोरम शामिल हैं। सम्मेलन में संथाल, उरांव, मुंडा, भूमिज, कोरा, लोधा, भूटिया, लेपचा, टोटो समेत कई जनजातीय और वंचित समुदायों के लोग भाग लेंगे। तीन दिनों तक चलने वाले इस कार्यक्रम में जनजातीय समुदाय अपनी पारंपरिक संस्कृति, धार्मिक मान्यताओं और जीवन शैली को सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के जरिए मंच पर प्रदर्शित करेंगे। आयोजन का उद्देश्य विभिन्न समुदायों के बीच आपसी सम्मान और समझ को बढ़ावा देना है, ताकि मुख्यधारा समाज इन परंपराओं को करीब से समझ सके। इस्कॉन के जनसंपर्क अधिकारी रसिक गौरांग दास ने बताया कि श्रीचैतन्य महाप्रभु की करुणा और समावेशी विचारधारा से प्रेरित होकर यह सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने कहा, “हम चाहते हैं कि जनजातीय समाज खुद को अलग-थलग न समझे, बल्कि समाज का अभिन्न हिस्सा महसूस करे।” सम्मेलन के दौरान विभिन्न राज्यों में जनजातीय विकास के क्षेत्र में कार्यरत विशेषज्ञ अपने अनुभव साझा करेंगे। साथ ही शिक्षा, स्वास्थ्य, सामाजिक सशक्तिकरण और सांस्कृतिक पहचान जैसे मुद्दों पर सेमिनार भी आयोजित किए जाएंगे। इस्कॉन के मुताबिक, वह देशभर में जनजातीय क्षेत्रों में शिक्षा और विकास के लिए लगातार काम कर रहा है। वर्तमान में 120 पाठशालाएं और 18 स्कूल संचालित किए जा रहे हैं, जहां करीब 5,000 बच्चों को 280 शिक्षक शिक्षा दे रहे हैं। पश्चिम बंगाल के पुरुलिया, बांकुड़ा और झाड़ग्राम जैसे जिलों में ‘निमाई पाठशाला’ के माध्यम से लगभग 3,000 छात्रों को पढ़ाई के साथ रहने और खाने की सुविधा भी दी जा रही है। इसके अलावा, इन क्षेत्रों में सालभर मेडिकल कैंप, स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम और स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था भी की जाती है। इस वर्ष 22,176 लोगों को मुफ्त स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की गई हैं।