चंडीगढ़ / नई दिल्ली, 1984 के सिख विरोधी दंगों के पीड़ितों को न्याय दिलाने के लिए दशकों तक कानूनी लड़ाई लड़ने वाले वरिष्ठ अधिवक्ता और पूर्व नेता प्रतिपक्ष पद्मश्री सरदार एच. एस. फूलका बुधवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो गए। नई दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी और राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ ने उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई। इस मौके पर पंजाब भाजपा अध्यक्ष सुनील जाखड़ सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
पीड़ितों के हक में लंबा संघर्ष
भाजपा में फूलका का स्वागत करते हुए तरुण चुघ ने कहा कि 1984 में जब देश के कई शहरों में सिखों का कत्लेआम हुआ, तब सरदार फूलका ने पीड़ितों का पक्ष मजबूती से रखा। उन्होंने 70 से अधिक मामलों में 250 से अधिक अपराधियों को सजा दिलाने में निर्णायक भूमिका निभाई। चुघ ने याद दिलाया कि 1993 में दिल्ली की मदन लाल खुराना सरकार ने फूलका को अपना सलाहकार नियुक्त किया था, जिससे न्याय प्रक्रिया को गति मिली थी।
कांग्रेस पर साधा निशाना
केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा कि 1984 की घटनाओं को 'दंगे' नहीं बल्कि 'नरसंहार' कहना उचित है, क्योंकि वह एकतरफा और योजनाबद्ध हत्याएं थीं। उन्होंने कांग्रेस पर तीखा हमला करते हुए कहा कि इस अत्याचार के लिए कभी माफी नहीं मांगी गई। पुरी ने राहुल गांधी के हालिया बयानों का जिक्र करते हुए कहा कि सरदार फूलका के आने से पार्टी के मानवाधिकार और सामाजिक न्याय के मिशन को बल मिलेगा।
भाजपा ने हमेशा दिया साथ: फूलका
भाजपा की सदस्यता ग्रहण करने के बाद एच. एस. फूलका भावुक नजर आए। उन्होंने 1984 के अपने व्यक्तिगत अनुभवों को साझा करते हुए बताया कि कैसे एक हिंदू परिवार ने भीड़ से उनकी जान बचाई थी। उन्होंने कहा कि उस समय अटल बिहारी वाजपेयी ने ही सच को सामने लाने की हिम्मत दिखाई थी। फूलका ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पंजाब के प्रति लगाव की सराहना करते हुए कहा, "यदि पंजाब को बचाना है तो भाजपा को मजबूत करना होगा। मेरा लक्ष्य पंजाब में भाजपा की सरकार बनाना है।"