मायापुर: पश्चिम बंगाल के मायापुर स्थित ISKCON Mayapur में इस वर्ष पारंपरिक चंदन यात्रा उत्सव 20 अप्रैल 2026, सोमवार से शुरू होगा। विशुद्ध सिद्धांत पंचांग के अनुसार यह 21 दिनों तक चलेगा और देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं की बड़ी भागीदारी देखने को मिलेगी। गर्मी के प्रचंड ताप से भगवान को शीतलता प्रदान करने की भावना से आयोजित इस उत्सव में श्रीश्री राधा-माधव तथा जगन्नाथ देव के विग्रहों पर चंदन का लेप किया जाता है। साथ ही भव्य नौका विहार का आयोजन भी होता है। प्रतिवर्ष की तरह इस बार भी मायापुर और Jagannath Temple Puri में यह उत्सव विशेष धूमधाम से मनाया जाएगा। अक्षय तृतीया के पावन अवसर से शुरू होने वाले इस पर्व का धार्मिक महत्व भी अत्यंत विशेष है। मान्यता है कि इस दिन किया गया कोई भी शुभ कार्य अक्षय फल देता है। इसी दिन भगवान विष्णु के छठे अवतार Parashurama का जन्म हुआ था और महर्षि वेदव्यास तथा भगवान गणेश ने महाभारत की रचना का आरंभ किया था।
मायापुर में प्रतिदिन शाम 5 बजे चंद्रोदय मंदिर से भव्य संकीर्तन शोभायात्रा निकाली जाती है, जिसमें श्रीश्री राधा-माधव को समधि मंदिर पुष्करिणी तक ले जाया जाता है। इसके बाद सुसज्जित नौकाओं में जल विहार, आरती, कीर्तन, भजन, नृत्य-गान और प्रसाद वितरण का कार्यक्रम रात 8 बजे तक चलता है। उत्सव के दौरान पूरे परिसर को फूलों और रोशनी से सजाया जाता है, साथ ही कृत्रिम फव्वारों की व्यवस्था भी की जाती है। बड़ी संख्या में देशी-विदेशी भक्तों के आगमन को देखते हुए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए जाते हैं। चंदन यात्रा के अवसर पर मायापुर एकता और भक्ति का संगम बन जाता है, जहां जाति, धर्म और वर्ग से ऊपर उठकर लोग एक साथ उत्सव में शामिल होते हैं। आयोजकों ने सभी श्रद्धालुओं को इस आध्यात्मिक महोत्सव में भाग लेने के लिए आमंत्रित किया है।