कोलकाता:( सौम्य चक्रवर्ती) पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव 2026 की दस्तक के साथ ही सियासी पारा चढ़ चुका है। चुनाव से पहले अलग-अलग सर्वे एजेंसियों ने ओपिनियन पोल के जरिए यह आकलन करने की कोशिश की है कि इस बार किस पार्टी को कितनी सीटें और कितना वोट प्रतिशत मिल सकता है। हालांकि, इन सर्वेक्षणों की विश्वसनीयता को लेकर अब पहले जैसी स्थिति नहीं रही है और इस पर लगातार सवाल उठ रहे हैं। पिछले दो दशकों से अधिक समय से ओपिनियन पोल और एग्जिट पोल चुनावी माहौल का अहम हिस्सा रहे हैं। 2005 से लेकर अब तक विभिन्न चुनावों—पंचायत, नगर निगम, लोकसभा और विधानसभा—में ऐसे सर्वे सामने आते रहे हैं। लेकिन अब फील्ड सर्वे में कमी और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के बढ़ते इस्तेमाल ने इनकी सटीकता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। यही वजह है कि इस बार कई प्लेटफॉर्म खुद भी इन आंकड़ों को ‘with a pinch of salt’ लेने की सलाह दे रहे हैं। इस बार एक दिलचस्प बात यह भी है कि 21 साल में पहली बार एक प्रमुख चैनल ने खुद का ओपिनियन पोल नहीं किया है। हालांकि, अन्य प्रतिष्ठित एजेंसियों के सर्वे को चर्चा के लिए पेश किया जा रहा है। सबसे पहले बात करते हैं Matrize के ओपिनियन पोल की। इस एजेंसी ने 17 मार्च से 4 अप्रैल के बीच सर्वे किया, जिसमें ±3% का मार्जिन ऑफ एरर बताया गया है। इसके मुताबिक, 294 सीटों वाली विधानसभा में तृणमूल कांग्रेस को 140 से 160 सीटें मिल सकती हैं, जबकि भाजपा 130 से 150 सीटों के बीच रह सकती है। अन्य दलों के खाते में 8 से 16 सीटें जाने का अनुमान है। वोट शेयर की बात करें तो तृणमूल को 43%, भाजपा को 41% और अन्य को 16% वोट मिलने की संभावना जताई गई है। इससे साफ है कि मुकाबला बेहद करीबी हो सकता है। अब नजर डालते हैं Chanakya Strategies के सर्वे पर। इसके अनुसार तृणमूल कांग्रेस को 155 से 165 सीटें मिल सकती हैं, जो बहुमत के आंकड़े 148 से ऊपर है। भाजपा को 110 से 115 सीटें मिलने का अनुमान है, जबकि अन्य दल 9 से 14 सीटों के बीच सिमट सकते हैं। वोट प्रतिशत के लिहाज से तृणमूल को 45-47% और भाजपा को 40-42% वोट मिलने की संभावना जताई गई है। यह सर्वे तृणमूल के लिए अपेक्षाकृत मजबूत स्थिति दिखाता है।
तीसरा ओपिनियन पोल Vote-Vibe-News18 का है। इसमें तृणमूल कांग्रेस को 159 से 169 सीटें मिलने का अनुमान है, जबकि भाजपा 120 से 130 सीटों के बीच रह सकती है। अन्य दलों को 3 से 7 सीटें मिलने की संभावना जताई गई है। वोट शेयर में तृणमूल को 44% और भाजपा को 40% वोट मिलने का अनुमान है। वहीं, वाम और कांग्रेस को 4-4% वोट मिल सकते हैं, जबकि 3% लोग अनिश्चित और 7% मतदाता अब भी फैसला नहीं कर पाए हैं। इन सभी सर्वेक्षणों को देखें तो एक बात साफ है कि तृणमूल कांग्रेस बढ़त में दिख रही है, लेकिन भाजपा भी कड़ी टक्कर दे रही है। मुकाबला एकतरफा नहीं बल्कि बेहद रोमांचक होने वाला है। हालांकि, विशेषज्ञों का मानना है कि ओपिनियन पोल को अंतिम सच नहीं माना जा सकता। फील्ड सर्वे में कमी, मोबाइल और AI आधारित डेटा कलेक्शन के बढ़ते इस्तेमाल से जमीनी हकीकत और सर्वे के बीच अंतर बढ़ सकता है। यही कारण है कि कई बार ये अनुमान वास्तविक नतीजों से मेल नहीं खाते। ऐसे में मतदाताओं के असली मूड का पता तो 4 मई को ही चलेगा, जब चुनाव परिणाम सामने आएंगे। तब तक के लिए ये ओपिनियन पोल सिर्फ एक संकेत हैं, न कि अंतिम निष्कर्ष।