नई दिल्ली। पश्चिम एशिया में जारी अनिश्चित और अस्थिर स्थितियों के बीच रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की अध्यक्षता में गठित अनौपचारिक मंत्री समूह (IGoM) की चौथी बैठक शनिवार को कर्तव्य भवन में संपन्न हुई। बैठक में विभिन्न मंत्रालयों के मंत्रियों ने हिस्सा लिया और युद्ध के कारण भारत पर पड़ने वाले संभावित प्रभावों तथा उनसे निपटने की तैयारियों की समीक्षा की।
सुरक्षा और व्यापार के लिए 'भारत मैरीटाइम इंश्योरेंस पूल'
बैठक के दौरान रक्षा मंत्री ने केंद्रीय कैबिनेट द्वारा 12,980 करोड़ रुपये की संप्रभु गारंटी के साथ 'भारत मैरीटाइम इंश्योरेंस पूल' के गठन को मंजूरी देने का विशेष उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि यह कदम समुद्री गलियारों में अस्थिरता के बावजूद भारतीय जहाजों को किफायती बीमा कवर सुनिश्चित करेगा, जिससे भारत का आयात-निर्यात सुरक्षित रहेगा।
ईंधन और उर्वरक का पर्याप्त स्टॉक
सरकार ने स्पष्ट किया कि वैश्विक आपूर्ति के झटकों के बावजूद भारत के पास ईंधन और उर्वरक का पर्याप्त भंडार है:
कच्चा तेल व पेट्रोल-डीजल: 60 दिनों से अधिक की खपत का स्टॉक उपलब्ध।
LNG व LPG: क्रमशः 50 और 40 दिनों का भंडार सुरक्षित।
खाद: यूरिया, डीएपी और एनपीके का भारी स्टॉक मौजूद है। कालाबाजारी रोकने के लिए अप्रैल में 8,330 छापेमारी की गई हैं।
सप्लाई विविधीकरण: स्ट्रेट ऑफ हॉर्मुज पर निर्भरता कम करने के लिए अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया और लैटिन अमेरिका से आपूर्ति सुरक्षित की गई है।
पीएनजी और डिजिटल बदलाव
एलपीजी पर निर्भरता कम करने के लिए पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) को बढ़ावा दिया जा रहा है। मार्च 2026 से अब तक 4.76 लाख नए पीएनजी कनेक्शन दिए जा चुके हैं और हजारों लोग अपनी एलपीजी सब्सिडी छोड़ चुके हैं।
भारतीय प्रवासियों की सुरक्षा प्राथमिकता
राजनाथ सिंह ने कहा कि खाड़ी देशों में रह रहे भारतीय प्रवासियों का कल्याण सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने संबंधित दूतावासों को निरंतर संपर्क बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही, उन्होंने राज्यों को निर्देश दिया कि वे जमाखोरी और कालाबाजारी के खिलाफ सख्त कदम उठाएं।