चंडीगढ़: रविवार रात अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) फाइनल के दौरान यूटीसीए के पदाधिकारियों ने चंडीगढ़ प्रीमियर लीग (सीपीएल) का अनूठे अंदाज में प्रचार कर सबका ध्यान आकर्षित किया। यूटीसीए पदाधिकारी “शहर के धुरंधर” टैगलाइन वाली सीपीएल टी-शर्ट पहनकर मैदान में पहुंचे, जो क्रिकेट प्रेमियों के बीच चर्चा का विषय बन गई।
इस अवसर पर यूटीसीए के फाउंडर प्रेसिडेंट संजय टंडन, प्रेसिडेंट सारांश टंडन, सचिव हरि सिंह खुराना और कोषाध्यक्ष आलोक कृष्ण मौजूद रहे। उनकी सीपीएल ब्रांडेड टी-शर्ट ने दर्शकों, क्रिकेट अधिकारियों और खेल प्रेमियों का ध्यान अपनी ओर खींचा तथा लीग के प्रति उत्सुकता पैदा की। यह पहल यूटीसीए प्रेसिडेंट सारांश टंडन की अभिनव मार्केटिंग और ब्रांड निर्माण रणनीति का हिस्सा थी, जिसका उद्देश्य चंडीगढ़ प्रीमियर लीग को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाना है।
आईपीएल फाइनल के दौरान संजय टंडन ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) के चेयरमैन जय शाह से भी मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने यूटीसीए की विभिन्न गतिविधियों, क्रिकेट विकास कार्यक्रमों तथा क्षेत्र में क्रिकेट को बढ़ावा देने की दीर्घकालिक योजनाओं की जानकारी साझा की।
सीपीएल 8 जून से शुरू होकर 26 जून तक चलेगा, जिसमें छह फ्रेंचाइजी टीमें ताऊ देवी लाल स्टेडियम, पंचकूला में खेलेंगी।