चंडीगढ़, चंडीगढ़ की उभरती हुई तेज़ गेंदबाज़ नंदिनी शर्मा शुक्रवार को इंग्लैंड के खिलाफ प्रतिष्ठित लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड पर खेले जाने वाले एकमात्र महिला टेस्ट मैच में भारत के लिए टेस्ट डेब्यू कर सकती हैं। यदि नंदिनी को प्लेइंग इलेवन में जगह मिलती है, तो वह यूटी क्रिकेट एसोसिएशन (यूटीसीए) की पहली खिलाड़ी बन जाएंगी, जो क्रिकेट के "मक्का" कहे जाने वाले लॉर्ड्स में भारत के लिए टेस्ट मैच खेलेंगी। इससे पहले काश्वी गौतम भारत का प्रतिनिधित्व ऑस्ट्रेलिया में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ कर चुकी हैं, लेकिन लॉर्ड्स में टेस्ट खेलने वाली यूटीसीए की पहली खिलाड़ी बनने का गौरव नंदिनी को मिल सकता है।
तेज़ गेंदबाज़ नंदिनी ने यूटीसीए के साथ बीसीसीआई के प्री-मैच फोटोशूट की तस्वीरें साझा की, जिसमें वह भारतीय टेस्ट जर्सी में नजर आईं। भारतीय टीम ने गुरुवार को लॉर्ड्स में अभ्यास सत्र के दौरान जमकर पसीना बहाया और मुकाबले की तैयारियों को अंतिम रूप दिया।
यूटी क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष सारांश टंडन ने कहा की यूटीसीए की किसी खिलाड़ी का लॉर्ड्स जैसे प्रतिष्ठित मैदान पर भारत के लिए टेस्ट डेब्यू करने के करीब पहुंचना हम सभी के लिए बेहद गर्व की बात है। नंदिनी ने अपने शानदार प्रदर्शन के दम पर यह अवसर हासिल किया है और उन्हें पूरा विश्वास है कि वह चंडीगढ़ और देश का नाम रोशन करेंगी।"