चंडीगढ़, (प्रोसन बर्मन) डीएवी सीनियर सेकेंडरी स्कूल (लाहौर), सेक्टर-8 सी, चंडीगढ़ में शनिवार को सीबीएसई नॉर्थ जोन-II क्रिकेट टूर्नामेंट-2026 का विधिवत उद्घाटन किया गया। पंजाब के राज्यपाल एवं चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया समारोह के मुख्य अतिथि रहे, जबकि बीसीसीआई की महिला प्रीमियर लीग की गवर्निंग काउंसिल के सदस्य संजय टंडन विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में नॉर्थ जोन-II के विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से करीब 3,000 युवा क्रिकेटर हिस्सा ले रहे हैं। इनमें चंडीगढ़, पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के खिलाड़ी शामिल हैं। प्रतियोगिता में अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 बालक वर्ग तथा अंडर-17 और अंडर-19 बालिका वर्ग के मुकाबले खेले जाएंगे।
इस अवसर पर पंजाब के राज्यपाल एवं चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया ने युवाओं से खेलों को अपने जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने का आह्वान किया। उन्होंने खिलाड़ियों को अनुशासन, मेहनत और दृढ़ संकल्प के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।
युवा खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए संजय टंडन ने कहा की ऐसी प्रतियोगिताएं युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने के साथ-साथ अनुशासन, टीम भावना, धैर्य और खेल के प्रति सम्मान सीखने का अवसर देती हैं।
उद्घाटन समारोह में मार्च पास्ट, शपथ ग्रहण और स्वागत समारोह आयोजित किया गया, जिसके बाद टूर्नामेंट के विधिवत शुभारंभ की घोषणा की गई। इस अवसर पर डीएवी सीनियर सेकेंडरी स्कूल (लाहौर), सेक्टर-8 सी, चंडीगढ़ के प्रिंसिपल एवं आयोजन सचिव डॉ. सुनील कुमार, स्कूल के अधिकारी, टूर्नामेंट आयोजक, कोच, तकनीकी अधिकारी, शिक्षक और बड़ी संख्या में प्रतिभागी खिलाड़ी मौजूद रहे।