नई दिल्ली। भारत ने स्वदेशी रक्षा तकनीक और आत्मनिर्भरता के क्षेत्र में एक और बड़ी कामयाबी हासिल की है। रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (डीआरडीओ) और भारतीय वायुसेना (आईएएफ) ने मंगलवार को 'रुद्रम-2' (RudraM-II) हवा से सतह पर मार करने वाली मिसाइल का सफल उड़ान परीक्षण किया है। यह परीक्षण एक हवाई प्लेटफॉर्म से किया गया। मिसाइल ने लॉन्च होने के बाद अपने सभी तय मानकों को पूरा करते हुए 'पिन-पॉइंट' सटीकता के साथ पूर्व-निर्धारित लक्ष्य को सफलतापूर्वक भेदा।
अत्यधिक चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में परीक्षण
यह उड़ान परीक्षण अत्यधिक चुनौतीपूर्ण रिलीज परिस्थितियों में किया गया था। इस दौरान मिसाइल के सभी सब-सिस्टम ने बेहतरीन काम किया और अपनी क्षमता साबित की। ओडिशा के चांदीपुर स्थित इंटीग्रेटेड टेस्ट रेंज (आईटीआर) द्वारा तैनात विभिन्न रेंज उपकरणों ने उड़ान का सारा डेटा कैप्चर किया, जिससे इस बात की पुष्टि हुई कि परीक्षण के सभी उद्देश्य पूरी तरह से हासिल कर लिए गए हैं।
पूर्णतः स्वदेशी है रुद्रम-2
रुद्रम-2 मिसाइल प्रणाली को पूरी तरह से स्वदेश में विकसित किया गया है। इसे हैदराबाद स्थित रिसर्च सेंटर इमारत (आरसीआई) ने नोडल लैब के रूप में डीआरडीओ की अन्य सहयोगी प्रयोगशालाओं— डीआरडीएल, एचईएमआरएल, एआरडीई और आईटीआर के साथ मिलकर तैयार किया है। इसके अलावा, हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (एचएएल) और अन्य कई रक्षा उद्योगों ने भी इस लक्ष्य को हासिल करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।
आत्मनिर्भरता की दिशा में अहम कदम
इस शानदार सफलता पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने डीआरडीओ, वायुसेना और रक्षा उद्योग से जुड़े सभी भागीदारों को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि यह परीक्षण उन्नत हथियार प्रणालियों में भारत की 'आत्मनिर्भरता' को मजबूती देता है और स्वदेशी रक्षा प्रौद्योगिकियों की बढ़ती परिपक्वता को दर्शाता है। रक्षा अनुसंधान एवं विकास विभाग के सचिव और डीआरडीओ अध्यक्ष ने भी इस ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए परीक्षण से जुड़ी पूरी टीम की सराहना की है।