उत्तर रेलवे के अंबाला मंडल ने लघु उद्योगों और व्यापारियों को सस्ती परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। शुक्रवार को मंडल ने पहली बार अंबाला छावनी माल गोदाम से एक निजी व्यापारी के खाद्यान्न के तौर पर चावल का लदान जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग के लिए किया है। इस कदम से न केवल घाटी में खाद्यान्न की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित होगी, बल्कि स्थानीय व्यापारियों को भी सड़क मार्ग की तुलना में कम लागत में अपना माल गंतव्य तक पहुंचाने की बेहतर सुविधा मिलेगी।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, माल परिवहन सेवाओं को अधिक सुलभ, किफायती और व्यापार-अनुकूल बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में इससे पहले अप्रैल और मई महीने के दौरान अंबाला छावनी माल गोदाम से अनंतनाग के लिए जैविक खाद के छह वैगनों का सफलतापूर्वक प्रेषण किया गया था। रेलवे की इस मालभाड़ा पहल को व्यापारी वर्ग से काफी अच्छी प्रतिक्रिया मिली है, जिसके बाद अब खाद्यान्न का लदान भी शुरू किया गया है।
रेलवे के राजस्व में होगा इजाफा
अंबाला मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक यशनजीत सिंह ने बताया कि चावल के इस लदान से रेलवे को प्रति वैगन लगभग 73 हजार रुपये की आय प्राप्त होगी। यह कदम जहां एक ओर रेलवे की आय बढ़ाने में मददगार साबित होगा, वहीं यह एक पर्यावरण के अनुकूल परिवहन व्यवस्था भी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अंबाला मंडल व्यापार और उद्योग जगत की जरूरतों के हिसाब से बेहतर सुविधाएं देने और नए माल यातायात स्रोत विकसित करके ग्राहकों को सुरक्षित व समयबद्ध सेवाएं प्रदान करने के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है।