चंडीगढ़, पंजाब राज्य खाद्य आयोग ने शुक्रवार को उज्बेकिस्तान के साथ व्यापार और निवेश की संभावनाओं को तलाशने की दिशा में पहल करते हुए विभिन्न विभागों के साथ व्यापक विचार-विमर्श किया। बैठक में बासमती चावल, प्रोसेस्ड फूड, कृषि मशीनरी और एग्री-टेक उत्पादों को मध्य एशियाई बाजार में निर्यात के प्रमुख क्षेत्रों के रूप में चिन्हित किया गया।
मगसीपा में आयोजित बैठक में इनवेस्ट पंजाब, पंजाब एग्रो और पंजाब कृषि विश्वविद्यालय के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। बैठक में बताया गया कि उज्बेकिस्तान सरकार विदेशी निवेश को प्रोत्साहित कर रही है। हालांकि पंजाब के उत्पादों की वहां मांग और संभावनाओं का आकलन करने के लिए पहले स्थानीय बाजार का विस्तृत सर्वेक्षण किया जाएगा।
पंजाब राज्य खाद्य आयोग के चेयरमैन बाल मुकंद शर्मा ने कहा कि बासमती चावल, कृषि मशीनरी, ट्रैक्टर, मसाले, सरसों व पाम तेल, देसी घी, चाय, स्किम्ड मिल्क पाउडर, ड्रिप सिंचाई, जल संसाधन, नवीकरणीय ऊर्जा तथा मार्कफेड और मिल्कफेड के प्रोसेस्ड फूड उत्पादों के निर्यात की अच्छी संभावनाएं हैं। उन्होंने कहा कि प्रोसेस्ड फूड का निर्यात विशेष रूप से महत्वपूर्ण है, क्योंकि उज्बेकिस्तान में कच्चा माल उपलब्ध है, लेकिन कोल्ड स्टोरेज सुविधाएं सीमित हैं।
निर्यात मार्ग और डिजिटल सहयोग पर भी चर्चा
बैठक में पंजाब से निर्यात होने वाले उत्पादों के लिए उपयुक्त डिस्चार्ज पोर्ट पर भी विस्तार से विचार किया गया। ताशकंद से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े एआई विशेषज्ञ तथा ए.के.ए.सी.ओ.आर.पी. ग्लोबल टेक के जनरल डायरेक्टर योगेश कुमार ने कहा कि मध्य एशियाई बाजार पंजाब के लिए उभरता हुआ अवसर है। उन्होंने बताया कि उज्बेकिस्तान में डिजिटल क्रांति तेजी से आगे बढ़ रही है, जिससे व्यापार और तकनीकी सहयोग की नई संभावनाएं बन रही हैं।