नई दिल्ली, केंद्र सरकार ने भारत को वैश्विक विमानन केंद्र बनाने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए अमृतसर से 'हब एंड स्पोक' अंतरराष्ट्रीय उड़ान संचालन सुविधा शुरू कर दी है। इसके साथ ही अमृतसर देश का दूसरा हवाई अड्डा बन गया है, जिसे इस प्रणाली से जोड़ा गया है। इससे पहले 25 जून को वाराणसी में इस मॉडल की शुरुआत की गई थी।
नागर विमानन मंत्रालय के अनुसार नई व्यवस्था के तहत अमृतसर से अंतरराष्ट्रीय यात्रा करने वाले यात्री यहीं चेक-इन, इमिग्रेशन और कस्टम की सभी औपचारिकताएं पूरी कर सकेंगे। उनका सामान सीधे अंतिम अंतरराष्ट्रीय गंतव्य तक भेजा जाएगा, जिससे दिल्ली पहुंचने पर दोबारा इमिग्रेशन या कस्टम प्रक्रिया से नहीं गुजरना पड़ेगा और वे सीधे अपनी अगली उड़ान में सवार हो सकेंगे।
अमृतसर से वैश्विक संपर्क का दायरा बढ़ेगा
केंद्रीय नागर विमानन मंत्री राम मोहन नायडू ने वीडियो संदेश में कहा कि दिल्ली इस व्यवस्था का हब होगा, जबकि अमृतसर पंजाब, जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश के लिए प्रमुख अंतरराष्ट्रीय प्रवेश द्वार की भूमिका निभाएगा। उनके अनुसार पहले अमृतसर से केवल सात अंतरराष्ट्रीय गंतव्यों के लिए सीधी उड़ान सुविधा उपलब्ध थी, लेकिन अब यात्री एक ही चेक-इन और एक ही बैगेज टैग के साथ दिल्ली के जरिए 20 से अधिक अंतरराष्ट्रीय गंतव्यों तक आसानी से पहुंच सकेंगे।
मंत्रालय के मुताबिक फिलहाल हर वर्ष करीब 1.5 लाख यात्री अंतरराष्ट्रीय उड़ान पकड़ने के लिए अमृतसर से दिल्ली जाते हैं, जबकि लगभग इतनी ही संख्या में यात्री विदेश से दिल्ली होकर अमृतसर पहुंचते हैं। नई प्रणाली से यह यात्रा अधिक सहज और समय बचाने वाली होगी।
रोजगार और अर्थव्यवस्था को भी मिलेगा बढ़ावा
मंत्रालय का अनुमान है कि विमानन हब के विकास से वर्ष 2030 तक लगभग चार लाख प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार सृजित हो सकते हैं तथा भारतीय अर्थव्यवस्था में करीब 30 अरब अमेरिकी डॉलर का अतिरिक्त योगदान होगा। वहीं वर्ष 2047 तक लगभग 1.6 करोड़ रोजगार और करीब 1.4 ट्रिलियन अमेरिकी डॉलर के आर्थिक योगदान का अनुमान जताया गया है।
एयरलाइंस के आकलन के अनुसार फिलहाल अमृतसर-दिल्ली मार्ग पर प्रतिदिन करीब 250 यात्रियों को इस सुविधा का लाभ मिलेगा। आगामी चरणों में अन्य स्पोक एयरपोर्ट जुड़ने के बाद प्रतिदिन लगभग 1,200 यात्रियों को इसका लाभ मिलने की उम्मीद है, जो सालाना करीब 4.5 लाख यात्रियों के बराबर होगा।
मंत्रालय ने कहा कि हब एंड स्पोक फ्रेमवर्क का उद्देश्य भारतीय हवाई अड्डों को अंतरराष्ट्रीय यात्रा के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करना, भारतीय एयरलाइंस की नेटवर्क क्षमता बढ़ाना और विदेशी ट्रांजिट हब पर निर्भरता कम करना है। इसके तहत आने वाले समय में अन्य स्पोक हवाई अड्डों को भी चरणबद्ध तरीके से इस नेटवर्क से जोड़ा जाएगा।