नई दिल्ली, उत्तर रेलवे ने जयपुर मंडल के फ्लेवड़ी (FL)-रेवाड़ी (RE) खंड में कुंड, पाली और खोरी स्टेशनों के बीच पैच डबलिंग कार्य के कारण कई ट्रेनों के संचालन में अस्थायी बदलाव किया है। रेलवे बोर्ड की मंजूरी के बाद कुछ ट्रेनों को निर्धारित अवधि में परिवर्तित मार्ग से चलाया जाएगा, जबकि कुछ ट्रेनों को आंशिक रूप से रद्द किया गया है।
उत्तर रेलवे द्वारा जारी आदेश के अनुसार 22452 चंडीगढ़-बांद्रा टर्मिनस एक्सप्रेस 12, 16, 19, 23, 26 और 30 अगस्त तथा 2, 6, 9, 13, 16, 20 और 23 सितंबर को रेवाड़ी- अलवर-जयपुर-फुलेरा मार्ग से संचालित होगी। सामान्य मार्ग रेवाड़ी-रिंगस-फुलेरा रहेगा।
इसके अलावा 15091, 19604, 14087 और 22950 सहित अन्य ट्रेनों का भी निर्धारित तिथियों में मार्ग बदला जाएगा। डायवर्ट किए गए मार्ग पर ट्रेनों का ठहराव अलवर, बांदीकुई, दौसा, गांधीनगर जयपुर और जयपुर स्टेशनों पर रहेगा।
कुछ ट्रेनें आंशिक रूप से रद्द
रेलवे ने बताया कि 74041 दिल्ली-रींगस तथा 74042 रींगस-दिल्ली ट्रेनें अगस्त और सितंबर में निर्धारित 12-12 फेरों के दौरान आंशिक रूप से रद्द रहेंगी। यात्रियों को यात्रा से पहले ट्रेन की स्थिति की जानकारी लेने की सलाह दी गई है।
रेलवे के अनुसार पैच डबलिंग कार्य के लिए 12 अगस्त से 4 अक्टूबर तक विभिन्न चरणों में ट्रैफिक ब्लॉक रहेगा। प्रभावित यात्रियों को एसएमएस, स्टेशन घोषणाओं और अन्य माध्यमों से सूचना उपलब्ध कराई जाएगी।