मायापुर: इस्कॉन के प्रमुख केंद्र श्रीधाम मायापुर सहित देश-विदेश के विभिन्न केंद्रों में भगवान श्रीकृष्ण की 5,253वीं शुभ आविर्भाव तिथि जन्माष्टमी इस वर्ष 4 सितंबर, शुक्रवार को धार्मिक परंपराओं और विधि-विधान के साथ भव्य रूप से मनाई जाएगी। इस अवसर पर बड़ी संख्या में देश-विदेश से श्रद्धालुओं के मायापुर पहुंचने की संभावना है। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं।
इस्कॉन के जनसंपर्क अधिकारी रसिक गौरांग दास ने बताया कि 5 सितंबर, शनिवार को नंदोत्सव के साथ इस्कॉन के संस्थापक आचार्य ए.सी. भक्तिवेदांत स्वामी प्रभुपाद की 130वीं जयंती भी मनाई जाएगी। जन्माष्टमी और इसके बाद होने वाले धार्मिक कार्यक्रमों में विभिन्न पूजा-अर्चना, कीर्तन और अन्य आध्यात्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया जाएगा।
रसिक गौरांग दास ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का आविर्भाव भाद्र मास के कृष्ण पक्ष की अष्टमी तिथि को मध्यरात्रि में मथुरा स्थित कंस के कारागार में हुआ था। शंख, चक्र, गदा और पद्म धारण किए भगवान श्रीकृष्ण ने संकट की घड़ी में मानवता की रक्षा और धर्म की स्थापना के लिए अवतार लिया था। उन्होंने असुरों और दानवी शक्तियों का दमन कर प्रेम, स्नेह, मैत्री और शांति का संदेश दिया।
उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का जीवन, उनकी वाणी, आदर्श और शिक्षाएं आज भी पूरी मानवता के लिए प्रासंगिक हैं। वर्तमान समय में भी कमजोरों पर शक्तिशाली लोगों का अत्याचार, संकीर्ण राजनीतिक स्वार्थ और मानवता का अपमान देखने को मिलता है। दुनिया आतंक और हिंसा के संकट से जूझ रही है।
रसिक गौरांग दास ने कहा कि जन्माष्टमी के पावन अवसर पर इस्कॉन की ओर से प्रार्थना है कि भगवान श्रीकृष्ण मानव समाज को इस संकट से मुक्ति दिलाएं, अधर्म का नाश करें और पुनः धर्म की स्थापना कर विश्व में शांति, प्रेम और सद्भाव कायम करें।