नई दिल्ली/अम्बाला, शिमला-कालका यूनेस्को विश्व धरोहर रेलखंड पर कोटी और घुम्मन स्टेशनों के बीच पुल संख्या 57 के पास शनिवार को हुए भूस्खलन के बाद उत्तर रेलवे ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 391 यात्रियों, 40 ट्रेन क्रू और आईआरसीटीसी कर्मचारियों को सुरक्षित कालका पहुंचाया। यात्रियों को सड़क मार्ग से लाने के लिए पांच बड़ी बसों और दो टेंपो ट्रैवलर समेत सात वाहनों की व्यवस्था की गई।
सुरक्षा के मद्देनजर ट्रेन संख्या 52456 को सोलन, 52452 को कोटी तथा 52460 और 52454 को धर्मपुर हिमाचल में शॉर्ट-टर्मिनेट किया गया।
यात्रियों के लिए भोजन-पानी की व्यवस्था
सीएमआई/केएलके विपिन पौडवाल और सीएमआई/एसएमएल दर्शन सिंह गिल के समन्वय में अभियान चलाया गया। कालका पहुंचने पर यात्रियों को 250 भोजन पैकेट और पानी की बोतलें दी गईं। स्थानीय यात्री अपने गंतव्य के लिए रवाना हो गए, जबकि करीब 120 यात्रियों को ट्रेन संख्या 13052 में समायोजित किया गया। इस ट्रेन को निर्बाध कनेक्टिविटी के लिए रात 1:30 बजे के लिए पुनर्निर्धारित किया गया था। रेलवे के अनुसार अभियान बिना किसी यात्री शिकायत या कालका स्टेशन पर रिफंड के अनुरोध के पूरा हुआ।