कोलकाता: पश्चिम बंगाल में प्रस्तावित ‘1008 कुंडीय यज्ञ और विराट सनातन महाअनुष्ठान’ की तैयारियों को लेकर पूज्य आचार्य रामचंद्र दास जी महाराज ने मुख्यमंत्री से मुलाकात की। बैठक में इस बड़े धार्मिक आयोजन की तैयारियों और इससे जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने भी आयोजन को लेकर उत्साह जताया और प्रशासन की ओर से हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
आचार्य रामचंद्र दास जी महाराज ने कहा कि करीब 500 साल बाद बंगाल की धरती इतने बड़े स्तर पर सनातन धार्मिक आयोजन की गवाह बनने जा रही है। उन्होंने कहा कि बंगाल की भूमि सदियों से धर्म, भक्ति और आध्यात्मिक चेतना की भूमि रही है। श्री चैतन्य महाप्रभु, श्री रामकृष्ण परमहंस और स्वामी विवेकानंद जैसे महान आध्यात्मिक व्यक्तित्वों ने इसी धरती से भारतीय अध्यात्म और सनातन संस्कृति का संदेश दुनिया तक पहुंचाया।
उन्होंने कहा कि अब समय है कि इस गौरवशाली परंपरा को नई पीढ़ी तक और मजबूती से पहुंचाया जाए। उन्होंने युवाओं, छात्रों और Gen Z को सनातन संस्कृति, संस्कार और परंपरा से जोड़ने पर जोर दिया।
बंगाल के 1008 स्थानों पर होगा सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ
आचार्य ने मुख्यमंत्री को बताया कि रामानंद मिशन ने पश्चिम बंगाल के 1008 स्थानों पर सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ आयोजित करने का संकल्प लिया है। इसका उद्देश्य युवाओं और नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ना है।
उन्होंने कहा कि सनातन परंपरा केवल पहचान नहीं, बल्कि हजारों वर्षों की समृद्ध आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत से जुड़ने का अवसर है। उन्होंने लोगों से अपनी संस्कृति और परंपरा से दोबारा जुड़ने का आह्वान करते हुए कहा कि अपने घर और अपनी धार्मिक परंपरा में लौटने में किसी तरह का संकोच नहीं होना चाहिए।
जगद्गुरु रामभद्राचार्य जी महाराज की मौजूदगी में आयोजन
प्रस्तावित 1008 कुंडीय यज्ञ और विराट सनातन महाअनुष्ठान जगद्गुरु रामभद्राचार्य जी महाराज के सान्निध्य में आयोजित किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने बताया कि जगद्गुरु रामभद्राचार्य जी महाराज भी बंगाल की धरती पर इस आयोजन को लेकर उत्साहित हैं। आचार्य ने कहा कि उनका सान्निध्य बंगाल के सनातन समाज के लिए एक महत्वपूर्ण आध्यात्मिक अवसर होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बंगाल की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत का सम्मान एवं संरक्षण राज्य के गौरव से जुड़ा है। उन्होंने शांतिपूर्ण और व्यवस्थित धार्मिक आयोजनों के लिए प्रशासन की ओर से आवश्यक सहयोग और समन्वय का भरोसा दिया।
आचार्य ने राज्य में चल रहे विकास कार्यों की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि विकास के साथ अपनी संस्कृति और आध्यात्मिक विरासत को संरक्षित कर आगे बढ़ने वाला बंगाल पूरे देश के सामने एक मजबूत उदाहरण पेश कर सकता है।
आयोजकों के अनुसार, प्रस्तावित महाअनुष्ठान का उद्देश्य सनातन चेतना को नई पीढ़ी से जोड़ना, सांस्कृतिक जागरूकता बढ़ाना और समाज को एक सूत्र में बांधना है।