पुरी : ( प्रोसन बर्मन ) ओडिशा की लोककला और ग्रामीण शिल्प परंपरा को करीब से समझने के लिए पत्रकारों के प्रतिनिधिमंडल ने रघुराजपुर हेरिटेज विलेज का दौरा किया। पारंपरिक पत्तचित्र कला के लिए देश-विदेश में पहचान रखने वाले इस गांव में स्थानीय कलाकारों ने पत्रकारों के सामने विभिन्न कला विधाओं का प्रत्यक्ष प्रदर्शन किया।
पीढ़ियों से चली आ रही तकनीक को करीब से देखा
कलाकारों ने पत्तचित्र, ताड़पत्र चित्रकला और लकड़ी की नक्काशी तैयार करने की पारंपरिक तकनीकों का प्रदर्शन किया। उन्होंने बताया कि पीढ़ियों से चली आ रही इन विधियों के माध्यम से चित्रों और शिल्प वस्तुओं को किस तरह तैयार किया जाता है।
प्रतिनिधिमंडल ने ग्रामीण शिल्पकारों की आजीविका, हस्तशिल्प को मिलने वाली पहचान और जीआई टैग से जुड़े पहलुओं की जानकारी ली। पत्रकारों ने स्थानीय उत्पादों के लिए बाजार तक पहुंच और डिजिटल माध्यमों के जरिए पारंपरिक कला को नए ग्राहकों तक पहुंचाने की संभावनाओं के बारे में भी जाना।
रघुराजपुर का दौरा ग्रामीण कला और शिल्प की भूमिका को समझने के लिहाज से महत्वपूर्ण रहा। इससे पत्रकारों को यह देखने का अवसर मिला कि स्थानीय कला और शिल्प किस तरह ग्रामीण अर्थव्यवस्था, पर्यटन और सांस्कृतिक पहचान से जुड़े हैं।