नदिया, इस्कॉन के वैश्विक मुख्यालय श्रीधाम मायापुर सहित दुनिया भर के उसके केंद्रों में शनिवार को राधारानी के शुभ आविर्भाव दिवस राधाष्टमी का महोत्सव धार्मिक श्रद्धा और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ मनाया गया। मायापुर में इस अवसर पर देश-विदेश और पश्चिम बंगाल के विभिन्न हिस्सों से हजारों श्रद्धालु पहुंचे। भारी भीड़ को देखते हुए मंदिर परिसर और आसपास के इलाकों में जिला पुलिस तथा इस्कॉन के स्वयंसेवकों ने कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की।
इस्कॉन मायापुर के प्रचार सचिव रसिक गौरांग दास ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस बार भी राधाष्टमी महोत्सव धार्मिक मर्यादा और भव्यता के साथ आयोजित किया गया। उन्होंने कहा कि उत्सव की शुरुआत सुबह राधा-कृष्ण की मंगल आरती से हुई।
उन्होंने कहा, “मायापुर में राधाष्टमी को लेकर देश-विदेश और राज्य के विभिन्न हिस्सों से हजारों भक्तों का आगमन हुआ। उत्सव का प्रमुख आकर्षण महाअभिषेक और विशेष पूजा रही।”
इस्कॉन सूत्रों के अनुसार, वैदिक एवं पारंपरिक विधि-विधान के अनुसार राधा-कृष्ण के विग्रहों का गंगाजल, दूध, दही, घी, शहद और विभिन्न फलों के रस से महाअभिषेक किया गया। अभिषेक के बाद राधारानी और श्रीकृष्ण को नए वस्त्रों और विभिन्न प्रकार के पुष्प आभूषणों से सजाया गया।
राधाष्टमी के मद्देनजर मंदिर परिसर को 18 सितंबर से ही रंग-बिरंगे फूलों और आकर्षक विद्युत सज्जा से सजाया गया था। शनिवार को दिनभर विशेष राधा-कथा, भजन और हरिनाम संकीर्तन का आयोजन हुआ। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने इन धार्मिक कार्यक्रमों में हिस्सा लिया।
दूर-दराज से आने वाले भक्तों और दर्शनार्थियों के लिए इस्कॉन की ओर से महाप्रसाद वितरण की भी विशेष व्यवस्था की गई थी।
भारी भीड़ के मद्देनजर मंदिर परिसर में प्रवेश और श्रद्धालुओं की आवाजाही को नियंत्रित करने के लिए पुलिसकर्मियों के साथ इस्कॉन के स्वयंसेवकों को भी तैनात किया गया था। प्रशासन और मंदिर प्रबंधन की ओर से भीड़ प्रबंधन तथा सुरक्षा को लेकर विशेष इंतजाम किए गए थे।